गुजरात के कच्छ जिले में आज रात 9 बजकर 47 मिनट और 59 सेकेंड पर भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप की तीव्रता 4.0 आंकी गई है। भूकंप का केंंद्र अक्षांश: 23.732 देशांतर: 69.879, क्षेत्र: खावड़ा, कच्छ से 20 किमी पूर्व दक्षिण पूर्व था। भूकंपीय अनुसंधान संस्थान, गांधीनगर ने इसकी पुष्टि की है। भूकंप का पता चलते ही लोग घबरा गए और घरों से निकलकर बाहर भागने लगे। फिलहाल किसी तरह की कोई क्षति की खबर नहीं है, लेकिन लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
तीन दिनों में तीन बार हिली धरती
जानकारी के मुताबिक कच्छ में पिछले तीन दिनों में भूकंप से तीन बार धरती डोली है। गुजरात के इस इलाके में भूकंप के झटके जल्दी जल्दी आ रहे हैं जिसने स्थानीय प्रशासन और लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल भूकंप से किसी गंभीर नुकसान होने की कोई संभावना नहीं व्यक्त की गई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, कच्छ में हल्के भूकंप के झटके सामान्य बात है। लेकिन आ रहे इन झटकों को लेकर सतर्कता बरतना जरूरी है। बता दें कि कच्छ क्षेत्र भूगर्भीय रूप से भूकंप के लिए संवेदनशील माना जाता है और यहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।