मौसम विभाग ने गुजरात में 31 जुलाई से 2 अगस्त के बीच भारी से बहुत भारी बारिश का 'रेड अलर्ट' जारी किया है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के गुजरात के कई ज़िलों में बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी के बाद प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। कहा गया है कि गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा और सूरत में कल और परसों बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक अहमदाबाद में लगभग 20 इंच बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने गुजरात के कई जिलों में पांच अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद जताई है और अगले चार दिनों के लिए पूरे राज्य में तूफान की चेतावनी भी जारी की गई है।
गुजरात पुलिस ने की हाई लेवल मीटिंग
राज्य भर में भारी बारिश के अनुमान को देखते हुए, गुजरात पुलिस ने जान-माल की सुरक्षा के लिए अपनी तैयारी बढ़ा दी है। राज्य पुलिस प्रमुख ज्ञानेंद्रसिंह मलिक ने एक हाई-लेवल वीडियो कॉन्फ्रेंस की अध्यक्षता की। उन्होंने सभी शहर, ज़िला और रेंज पुलिस प्रमुखों को हाई अलर्ट पर रहने, NDRF और SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों को मज़बूत करने, जोखिम वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की योजना लागू करने, मुख्य हाईवे पर ट्रैफ़िक को नियंत्रित करने और अगले 24-48 घंटों में किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों के साथ बेहतर तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लोगों से की गई अपील
- लोगों से अपील की जाती है कि जब तक कोई आपातकालीन स्थिति न हो, वे अपने घरों से बाहर न निकलें।
- भारी बारिश के दौरान, लोगों को नदी के किनारे और कॉजवे से गुजरने की मनाही।
- कई जिलों के हेडक्वार्टर में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं।
- किसी भी आपदा से निपटने के लिए NDRF, SDRF की टीमें तैयार।
छोटा उदेपुर में प्रशासन सतर्क
- छोटा जिला कंट्रोल रूम नंबर 02669 233012 और टोल फ्री नंबर 1077 घोषित।
- जिला कलेक्टर ने इमरजेंसी में कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की।
- ज़रूरत पड़ने पर लोगों को निकालने के लिए शेल्टर होम तैयार रखे गए हैं।
कहां कहां बंद किए गए स्कूल और कॉलेज
- नवसारी जिले में सभी स्कूल कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद कर दिए गए हैं।
- वलसाड जिले में 31 जुलाई और एक अगस्त, दो दिनों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
- 2 और 3 अगस्त को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिले के सभी स्कूल कॉलेज बंद कर दिए गए हैं।
- जामनगर जिले में 31 जुलाई और 1 अगस्त को स्कूल-कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे, जामनगर समेत पूरे राज्य में दो अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- छोटा उदेपुर जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट है, जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में छुट्टी घोषित की गई है।
- अहमदाबाद, मध्य गुजरात के वडोदरा, आणंद और खेड़ा में शुक्रवार को सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
ये भी पढ़ें:
दिल्ली में आज आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश का अलर्ट, जानें UP-बिहार सहित पहाड़ी राज्यों का हाल