अहमदाबाद: अहमदाबाद से इस वक्त की एक बेहद चौंकाने वाली और आपके स्वास्थ्य से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। अगर आप भी बाज़ारों में मिलने वाले टोमेटो सॉस या केचप के शौकीन हैं, तो यह खबर आपके होश उड़ा देगी। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) के फूड सेफ्टी विभाग ने शहर में चल रहे एक बहुत बड़े नकली टोमेटो सॉस रैकेट का भंडाफोड़ किया है।
गोता इलाके में कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई अहमदाबाद के गोता इलाके में अंजाम दी गई, जहां थोड़े समय पहले से एक फैक्ट्री में नकली टमाटर का सॉस बनाकर धड़ल्ले से बाज़ारों में बेचा जा रहा था। जब फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने यहां छापा मारा, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी दंग रह गए। जिस सॉस को लोग बड़े चाव से खाते हैं, उसे बनाने में टमाटर का इस्तेमाल एक प्रतिशत भी नहीं किया जा रहा था!
इंडिया टीवी के कैमरे पर कैद हुई ये तस्वीरें देखिये जिसमे साफ़ तौर पर फैक्ट्री की महिला कर्मचारी आलू के पल्प में लाल रंग का घोल मिलती दिख रही है जो इसे टमाटर के सॉस का आवरण दे देगा। ये तब का नज़ारा है जब AMC के फ़ूड सेफ्टी विभाग की टीम इस फैक्टरी पर छापा डालने पहुंची थी।
खतरनाक कॉकटेल तैयार, दस हजार किलोग्राम नकली सॉस और रॉ मटीरियल जब्त कर नष्ट किया गया
टमाटर के नाम पर इस फैक्ट्री में बीमारियों का खतरनाक कॉकटेल तैयार हो रहा था। यहां सड़े हुए आलू, स्टार्च, एसिटिक एसिड और घातक केमिकल कलर्स को मिलाकर हूबहू टमाटर जैसा दिखने वाला सॉस बनाया जा रहा था, जो सीधे लोगों की सेहत से खिलवाड़ था।
फूड सेफ्टी विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से करीब 10000 किलोग्राम (दस हज़ार किलोग्राम) तैयार नकली सॉस और रॉ मटीरियल जब्त किया, जिसे तुरंत नष्ट कर दिया गया है।
हैरानी की बात यह है कि इस जालसाज फैक्ट्री मालिक के खिलाफ पहले भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। लेकिन लालच में अंधे हो चुके इस कारोबारी ने कानून को ठेंगा दिखाते हुए दोबारा दूसरे नाम से उसी जगह पर नकली टोमेटो केचप बनाने का यह काला धंधा फिर से शुरू कर दिया।
लेकिन इस बार AMC प्रशासन बेहद सख्त मूड में है। अधिकारियों का कहना है कि इस बार इस मिलावटखोर को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। AMC अब कानूनी तौर पर यह पुख्ता तौर पर सुनिश्चित करने जा रही है कि इस आरोपी को भविष्य में कभी दोबारा नया बिजनेस लाइसेंस ही न मिले, ताकि यह फिर कभी लोगों की जिंदगी के साथ ऐसा जानलेवा खिलवाड़ न कर सके।
इससे पहले खबर सामने आई थी कि गुजरात में नकली शराब की फैक्ट्री का पर्दाफाश हुआ और भारी संख्या में बोतलें जब्त हुईं।
ये भी पढ़ें-
6500 किलो वेजिटेबल फैट, लाखों नकली लेबल बरामद... नकली देसी घी तैयार करने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़