A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात विधानसभा उपचुनाव के नतीजे: विसावदर में आप, कडी में बीजेपी जीती, जानें किसे कितने वोट मिले

गुजरात विधानसभा उपचुनाव के नतीजे: विसावदर में आप, कडी में बीजेपी जीती, जानें किसे कितने वोट मिले

विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के नेता गोपाल इटालिया को जीत मिली है। वहीं, कडी सीट पर बीजेपी उम्मीदवार ने बाजी मारी है।

Rajendra Chavda Gopal italia- India TV Hindi
Image Source : X राजेंद्र चावड़ा (बाएं), गोपाल इटालिया (दाएं)

गुजरात की दो सीटों पर हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। यहां बीजेपी और आम आदमी पार्टी एक-एक सीट जीतने में सफल रही हैं। वहीं, कांग्रेस को कोई सीट नहीं मिली है। विसावदर सीट पर आम आदमी पार्टी के गोपाल इटालिया ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है। वहीं, कड़ी सीट पर बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने बाजी मारी है।

कडी विधानसभा का हाल 

मेहसाणा जिले के कडी में अनुसूचित जाति (एससी) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित सीट फरवरी में भाजपा विधायक करसन सोलंकी की मृत्यु के बाद खाली हो गई थी। यहां सत्ता पर काबिज बीजेपी ने राजेंद्र चावड़ा को मैदान में उतारा था। वहीं, कांग्रेस ने 2012 में इसी सीट से जीतने वाले रमेश चावड़ा को टिकट दिया, जबकि आप ने जगदीश चावड़ा पर दांव लगाया। बीजेपी के राजेंद्र चावड़ा ने 99742 वोट हासिल कर 39452 वोट से जीत दर्ज की। कांग्रेस के रमेशभाई चावड़ा दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 60290 वोट मिले। आप उम्मीदवार जगदीश चावड़ा को सिर्फ 3090 वोट मिले।

विसावदर का हाल

पूर्व आप विधायक भूपेंद्र भयानी के दिसंबर 2023 में भाजपा में शामिल होने के बाद जूनागढ़ की विसावदर सीट खाली हुई थी। यहां भाजपा ने किरीट पटेल, कांग्रेस ने नितिन रणपरिया और आप ने अपने पूर्व गुजरात अध्यक्ष गोपाल इटालिया को मैदान में उतारा था और आप उम्मीदवार ने बड़े अंतर से जीत हासिल की है। गोपाल को कुल 75942 वोट मिले और 17554 वोट से उन्होंने चुनाव जीता। भारतीय जनता पार्टी के किरीट पटेल 58388 वोट के साथ दूसरे और कांग्रेस के नितिन रणपरिया 5501 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

आम आदमी पार्टी के लिए अच्छी खबर

विसावदर की सीट धीरे-धीरे आम आदमी पार्टी का गढ़ बनती जा रही है। इस सीट पर पिछले चुनाव में भी आम आदमी पार्टी को जीत मिली थी, लेकिन आप विधायक अपना कार्यकाल पूरा करने से पहले ही बीजेपी में शामिल हो गए। दल-बदल कानून के चलते उनकी विधायकी गई और दोबारा चुनाव हुए तो आम आदमी पार्टी को दोबारा जीत मिली।