A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. क्या है 'SWAGAT' प्रोग्राम? जिसके तहत जनता खुद कर सकती है सीएम से शिकायत, भूपेंद्र पटेल बोले- अधिकारी पारदर्शी तरीके से करें समस्या का समाधान

क्या है 'SWAGAT' प्रोग्राम? जिसके तहत जनता खुद कर सकती है सीएम से शिकायत, भूपेंद्र पटेल बोले- अधिकारी पारदर्शी तरीके से करें समस्या का समाधान

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को जनता की शिकायतों को सुना। 'SWAGAT' कार्यक्रम के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का निराकरण के लिए सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया है।

गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल- India TV Hindi
Image Source : PTI गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल। फाइल

गांधीनगर: गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ज़िला प्रशासनों को निर्देश दिया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि SWAGAT (स्टेट वाइड अटेंशन ऑन ग्रिवेंसेस बाई एप्लीकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी) कार्यक्रम के तहत प्राप्त शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए, ताकि सरकार में जनता का विश्वास और मज़बूत हो सके। 

सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा कि यदि किसी आवेदक का काम नियमों के अनुसार किए जाने योग्य है, तो उसे तत्काल पूरा किया जाना चाहिए। इसके अलावा यदि मौजूदा नियमों के तहत काम नहीं किया जा सकता है, तो संबंधित व्यक्ति को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाने के बजाय तुरंत और स्पष्ट रूप से सूचित किया जाना चाहिए।

ऑनलाइन के जरिए सीएम ने जनता की शिकायतों को सुना

मुख्यमंत्री ने मई 2026 के राज्य-स्तरीय SWAGAT ऑनलाइन जन शिकायत निवारण कार्यक्रम के दौरान नागरिकों द्वारा व्यक्तिगत रूप से प्रस्तुत शिकायतों को संवेदनशीलता के साथ सुना। आमतौर पर हर महीने के चौथे गुरुवार को आयोजित होने वाला राज्य SWAGAT कार्यक्रम इस बार शनिवार को आयोजित किया गया, क्योंकि मई का चौथा गुरुवार सार्वजनिक अवकाश था।

SWAGAT कार्यक्रम में 215 से अधिक आवेदक अपने शिकायतों के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय की जन संपर्क इकाई में उपस्थित थे। आवेदकों से प्राप्त कुल 4,020 शिकायतों जिनमें 1,531 ज़िला SWAGAT से और 2,274 तालुका SWAGAT से प्राप्त हुए थे को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने दी ये जानकारी

गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य SWAGAT कार्यक्रम के दौरान, जूनागढ़, भावनगर और गिर सोमनाथ ज़िलों के किसानों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने खेतों तक जाने वाली सड़कों पर हुए अवैध और अनधिकृत अतिक्रमणों के संबंध में शिकायत पत्र दिया है। मुख्यमंत्री ने संबंधित ज़िला प्रशासनों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के अतिक्रमण न हों और सड़कें खुली रहें, ताकि किसान अपने कृषि उपकरण और उपज आसानी से ले जा सकें। सीएम ने पुलिस प्रशासन को भी निर्देश दिया कि वे सार्वजनिक सड़कों पर अतिक्रमण के लिए ज़िम्मेदार असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि किसान स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। 

क्या है SWAGAT कार्यक्रम

बता दें कि गुजरात सरकार 'SWAGAT' (स्टेट वाइड अटेंशन ऑन ग्रिवेंसेस बाई एप्लीकेशन ऑफ टेक्नोलॉजी) कार्यक्रम के तहत प्रशासन को जनता की शिकायतों का समय पर निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से समाधान करती है। आम जनता अपनी शिकायत अधिकारी और सीएम तक भी भेज सकते हैं।