1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, नवसारी में ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा

गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश का रेड और ऑरेंज अलर्ट, नवसारी में ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा

गुजरात के कई जिलों में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं कई जगहों पर झमाझम बारिश हुई है। इसकी वजह से जलजमाव हुआ है।

नवसारी में ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV नवसारी में ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा

गांधीनगरः गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं। नवसारी समेत कई जिलों में गुरुवार को भी भारी बारिश हुई। पिछले 24 घंटों में मानसूनी बारिश से कई इलाकों में जलभराव हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। नर्मदा और तापी जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 

इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

गुजरात के दाहोद, छोटा उदयपुर, भरूच, सूरत, डांग, नवसारी, वलसाड और दमन, दादरा नगर हवेली जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अरावली, पंचमहल, महिसागर और वडोदरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। सौराष्ट्र-कच्छ के अमरेली, भावनगर में भारी बारिश होगी। 

यहां पर बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरावली, खेड़ा, अहमदाबाद, आनंद, पंचमहल, दाहोद और महिसागर जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ हल्की आंधी और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवा चलने की संभावना है। 

ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूबा

जानकारी के अनुसार, नवसारी जिले में आज सुबह तेज बारिश हुई। ऊपरी इलाकों में भारी बारिश के कारण कावेरी नदी का जलस्तर बढ़ गया है। कावेरी नदी पर बना ताड़केश्वर महादेव मंदिर पानी में डूब गया। पानी का बहाव बढ़ गया और पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। 

सूरत, वापी और नवसारी जिले में भारी बारिश

गुजरात के सूरत, वापी और नवसारी जिलों में भारी बारिश हुई है। सूरत में पिछले 48 घंटे में 400 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। इससे कई हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। भारी बारिश से कई सड़कें और आवासीय परिसर जलमग्न हो गए। भारी बारिश के कारण तापी नदी उफना गई जिससे निचले इलाकों में जलभराव हो गया। बारिश के कारण कुछ गांवों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।