A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में मिनी चक्रवात जैसे हालात, कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश, तार टूटने से बिजली गुल

गुजरात में मिनी चक्रवात जैसे हालात, कई जिलों में धूल भरी आंधी के साथ बारिश, तार टूटने से बिजली गुल

गुजरात के मौसम में अचानक बदलाव आया है। गुरुवार को गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इसके अलावा धूल भरी आंधी भी चली। तेज हवाओं के चलने से जनजीवन पर असर पड़ा है।

खेड़ा जिले में धूल भरी आंधी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER खेड़ा जिले में धूल भरी आंधी

अहमदाबाद: गुजरात में गुरुवार शाम को मौसम का मिजाज बदल गया। प्रदेश में मिनी चक्रवात जैसे हालात देखे जा रहे हैं। अहमदाबाद और खेड़ा सहित राज्य के कई हिस्सों में धूल भरी आंधियाँ चली हैं और बेमौसम बारिश हुई है। खेड़ा जिले के नडियाद शहर में देर  शाम अचानक मौसम ने करवट ली। धूल भरी आंधी ने पूरे नडिया शहर में मिनी चक्रवात जैसे हालात पैदा कर दिया। नडिया शहर के अधिकांश हिस्सों में तेज हवाओं के कारण बिजली के तार टूटने से बिजली गुल हो गई है। वहीं, तेज हवाओं के कारण जामनगर के समाना के पास 66 KV का एक बड़ा बिजली का खंभा गिर गया।  

धूल से विजिबिलिटी शून्य

 धूल के गुबार के कारण नेशनल हाईवे पर कुछ भी दिखाई देना नामुमकिन हो गया है। विजिबिलिटी शून्य होने से वाहनों के पहिए थम गए हैं। अचानक आए इस बदलाव से जनजीवन पर असर पड़ा है। वहीं, अहमदाबाद में भी धूल भरी आंधियां चलीं, जिससे कई इलाकों में विज़िबिलिटी (दृश्यता) कम हो गई। गांधीनगर, कलोल और आसपास के इलाकों में भी धूल के गुबार देखे गए, जिससे वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यहां पर हुई बारिश

आज दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे के बीच, देवभूमि द्वारका ज़िले के ओखामंडल तालुका में सबसे ज़्यादा 20 mm बारिश दर्ज की गई। जामनगर के लालपुर में 16 mm बारिश हुई, जबकि कच्छ ज़िले के मुंद्रा में 15 mm, भुज में 9 mm, और नखतराना, अबडासा और लखपत में 8 mm बारिश दर्ज की गई। ज़्यादातर बारिश दोपहर के समय हुई, जिसके कारण गुजरात के तटीय और पश्चिमी हिस्सों में मौसम में अचानक और बेमौसम बदलाव देखने को मिला। इसके अलावा, आज सुबह बनासकांठा के धनेरा, लखानी, बगसरा, और वाव-थराद संभाग के थराद, सुइगाम, राह, दियोदर, भाभर, वाव और धरणीधर तालुकों में भी बारिश दर्ज की गई।

इन जिलों में बारिश के आसार

बता दें कि मौसम विभाग ने राज्य में हल्की से लेकर मध्यम तक गरज के साथ बारिश की भविष्यवाणी की है। बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरावली, खेड़ा, अहमदाबाद, आनंद, पंचमहल, दाहोद, महिसागर, वडोदरा, छोटा उदयपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड, दमन, दादरा और नगर हवेली, सुरेंद्रनगर, राजकोट, जामनगर, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, मोरबी, द्वारका, गिर सोमनाथ, बोटाद में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट है। इस दौरान 50 किमी की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। 

रिपोर्ट- नचिकेत मेहता, नाडियाड