गुजरात का बड़ा इलाका भारी बारिश और बाढ़ से बेहाल है। महाराष्ट्र-गुजरात बॉर्डर पर कुदरत का ऐसा कहर बरपा, मानो जिंदगी की रफ्तार थम गई। पिछले 48 घंटों में सबसे ज्यादा बारिश दक्षिण गुजरात के वलसाड जिले में हुई है। यहां के उमरगांव में तो पिछले 2 दिनों में करीब 57 इंच पानी आसमान से बरसा है। पूरे वलसाड जिले में 48 घंटे में ऐवरेज 40 इंच के आसपास बारिश हुई है। नवसारी जिले में भी पिछले 48 घंटों में ऐवरेज 32-35 इंच बारिश हुई है। वहीं पिछले 24 घंटों में बरसात का रूख मध्य तथा उत्तर गुजरात की तरफ शिफ्ट हुआ है।
अहमदाबाद में स्कूल बंद
अहमदाबाद में भी पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। भारी बारिश ने जैसे शहर में अघोषित इमरजेंसी लगा दी है। अहमदाबाद शहर में पिछले 24 घंटो में 12 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। पूरे अहमदाबाद जिले में कुल मिलाकर ऐवरेज 14 इंच बारिश हुई है, जिसमे अहमदाबाद शहर में ही 12 इंच से ज्यादा बारिश हुई है। वहीं पिछले 2 दिनों में गुजरात के तकरीबन हर हिस्से में बारिश हुई है। वहीं भारी बारिश को देखते हुए अहमदाबाद में आज सभी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।
नाले में कार बहने से चार की मौत
भारी बारिश का कहर गुजरात के खेड़ा जिले में भी देखने को मिला। यहां खेड़ा-मातर हाईवे पर मोतीपुरा के पास एक कार नाले में गिर गई। बताया जा रहा है कि कार में 6 लोग सवार थे। वहीं कार में सवार 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो लोगों को बचा लिया गया है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए खेड़ा सिविल अस्पताल ले जाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही खेड़ा SDM सूरज बारोट, मातर तहसीलदार और खेड़ा फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। ये सभी लोग अहमदाबाद के रहने वाले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना के बाद कार नाले से नीचे पलट गई और पानी के तेज बहाव में बह गई।
वलसाड में पानी में फंसी बस
दूसरी तरफ गुजरात के वलसाड में एक लग्जरी बस बाढ़ की चपेट में आ गई। इस बस में सवार 35 यात्रियों को रेस्क्यू किया गया। घटना वलसाड के अंभेटी कोपारली रोड पर हुई, जहां लग्जरी बस बाढ़ के पानी में डूबने लगी, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। लोकल प्रशासन की मदद से बस में फंसे 35 लोगों को बचा लिया गया। वहीं वलसाड के ही उमरगांव तहसील के संजान हुमराण की तरफ जाने वाला ब्रिज टूट गया है, जिससे लोग दहशत में आ गए। हालात इस कदर बिगड़े की वलसाड में कलेक्टर को स्कूल बंद करना पड़ा।
उपमुख्यमंत्री ने लिया नुकसान का जायजा
वलसाड के साथ नवसारी, सूरत, तापी में भी बारिश ने कहर बरपाया। सड़कें पानी में डूब गई और घरों के अंदर पानी घुस गया। बाढ़ राहत कार्य के तहत नवसारी जिले में बचाव अभियान जारी है। एनडीआरएफ की टीम ने खाखवाड़ा क्षेत्र से 38 लोगों को बचाया है। बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़े तो गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी बीती रात नवसारी और वलसाड जिलों के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क पर उतरकर भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लिया। साथ ही पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।
यह भी पढ़ें-
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध करने वालों पर केंद्र सरकार का रुख नरम, केस ना दर्ज करने पर कर रही विचार