A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी, साबरकांठा के कई इलाकों में भरा पानी; सामने आया वीडियो

गुजरात में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी, साबरकांठा के कई इलाकों में भरा पानी; सामने आया वीडियो

गुजरात के सभी जिलों को 2 सितंबर तक भारी बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की आशंका है। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है। जबकि कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

बनासकांठा में बारिश के पानी में डूबी कारें- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बनासकांठा में बारिश के पानी में डूबी कारें

अहमदाबादः गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में शनिवार और रविवार को भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक गुजरात के सभी जिलों को 2 सितंबर तक गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है।  

शनिवार को इन जिलों में होगी बारिश

मौसम विभाग ने गुजरात के खेड़ा, आणंद, पंचमहल, दाहोद और वडोदरा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। शनिवार के पूर्वानुमान में   महिसागर, छोटा उदयपुर, नर्मदा, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा, राज्य में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, बनासकांठा, पाटन, मेहसाणा, साबरकांठा, गांधीनगर, अरावली, अहमदाबाद, महिसागर, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, वलसाड और कच्छ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। सुरेंद्रनगर, राजकोट, जूनागढ़, अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ, बोटाद और दीव में तेज बरसात होगी। इसके साथ 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 

यहां देखें वीडियो

साबरकांठा के रिहायशी इलाकों में पानी भरा

पिछले 24 घंटे के दौरान पंचमहल, तापी और साबरकांठा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हुई। इससे कई रिहायशी इलाकों में पानी भर गया है। साबरकांठा के हिम्मतनगर में चार पहिया वाहन पानी में डूब गए। बारिश का पानी रिहायशी इलाकों में घुस गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि नगरपालिका को ज्ञापन देने के बावजूद, नगरपालिका बारिश के पानी की निकासी करने में विफल रही। बारिश में नगर पालिका क्षेत्र की सड़कें और नालियां धराशायी हो गईं।  

सड़कों पर भी भरा पानी

जानकारी के मुताबिक हिम्मतनगर के गायत्री मंदिर इलाके में कई कार और गाड़ियों पानी में डूब गई। खासकर न्यू बलवंतपुरा इलाके में बारिश का पानी घुसने से हालात बेकाबू हो गए। शनिवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण न्यू बलवंतपुरा अंडरब्रिज और सड़क एक ही स्तर पर आ गई। न्यू बलवंतपुरा कर्णावती लक्ष्मी पार्क सोसायटियों की मुख्य सड़कें झील में तब्दील हो जाने से यातायात भी बाधित हो गया और स्थानीय लोगों को सुबह से ही खुले में निकलना पड़ा।

अगले सप्ताह तक होगी बारिश

 मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, अगले सप्ताह तक बारिश जारी रहेगी। मौसम विभाग ने राज्य के सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी। कुछ जिलों में भारी बारिश होगी। 

 (साबरकांठा से महेंद्र प्रसाद की रिपोर्ट के साथ)