A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. अहमदाबाद में KVIC बड़े पैमाने पर करेगी मशीन-टूलकिट का वितरण, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद

अहमदाबाद में KVIC बड़े पैमाने पर करेगी मशीन-टूलकिट का वितरण, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी रहेंगे मौजूद

इस अवसर पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत स्थापित नए इकाइयों का भी ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया जाएगा।

Amit Shah- India TV Hindi
Image Source : PTI अमित शाह, गृह मंत्री

अहमदाबाद:  केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री तथा गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के  सांसद अमित शाह 18 मई को अहमदाबाद नगर निगम और खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (KVIC), सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम अहमदाबाद के नारणपुरा स्थित एएमसी ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में केवीआईसी से जुड़े 1135 लाभार्थियों को कुल 1067 मशीनें और टूलकिट्स वितरित की जाएंगी।

सीएम भूपेंद्र पटेल भी रहेंगे मौजूद

इस अवसर पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत स्थापित नए इकाइयों का भी ऑनलाइन माध्यम से उद्घाटन किया जाएगा। ग्रामोद्योग विकास योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज कुमार भी उपस्थित रहेंगे।

केवीआईसी के अध्यक्ष मनोज कुमार ने अहमदाबाद पहुंचने पर बताया की गुजरात राज्य के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से प्रतिभागी इस वितरण कार्यक्रम में भाग लेंगे। राज्य कार्यालय, अहमदाबाद द्वारा सभी 1135 लाभार्थियों का चयन किया गया है और उन्हें प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया है।

मनोज कुमार के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केवीआईसी ग्रामीण भारत की अर्थव्यवस्था में एक नई शक्ति बन गया है। भारतीय कारीगरों को प्रशिक्षण और आधुनिक उपकरण प्रदान कर उन्हें 'विकसित भारत अभियान' से जोड़ा जा रहा है।

540 कुम्हारों को इलेक्ट्रिक चाक दिए जाएंगे

इसी क्रम में, रविवार को गृहमंत्री अमित शाह द्वारा इस वितरण कार्यक्रम में 540 कुम्हारों को विद्युतचालित चाक, 200 लाभार्थियों को सिलाई मशीनें, 100 कारीगरों को लेदर टूलकिट, 30 लाभार्थियों को एसी रिपेयरिंग टूलकिट, 30 कारीगरों को प्लंबर टूलकिट, 40 कारीगरों को चमड़े के उत्पाद निर्माण मशीनें, 40 कारीगरों को 08 दोना निर्माण मशीनें, 40 कारीगरों को अगरबत्ती ऑटोमेशन मशीनें, 40 कारीगरों को 04 सेट कच्ची घानी तेल निर्माण मशीनें, साथ ही खादी विकास योजना के अंतर्गत 50 नए मॉडल चरखे (एनएमसी) और 65 बारडोली चरखों का वितरण किया जाएगा।