A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. परिवार के साथ डिनर करने निकला था शख्स, फैमिली करती रही इंतजार, बाद में सामने आई खौफनाक हकीकत

परिवार के साथ डिनर करने निकला था शख्स, फैमिली करती रही इंतजार, बाद में सामने आई खौफनाक हकीकत

गुजरात के वडोदरा में परिवार संग डिनर के लिए निकले 40 वर्षीय विपुल सिंह जाला की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार पार्क करने गए विपुल वापस नहीं लौटे। बाद में मैनहोल में उनके जूते तैरते मिले थे।

Vadodara accident, open manhole death, Vadodara open manhole death- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT वडोदरा में परिवार संग डिनर के लिए निकले विपुलसिंह जाला की खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई।

वडोदरा: गुजरात के वडोदरा में अपने परिवार के साथ डिनर करने के लिए निकले एक शख्स के साथ खौफनाक हादसा पेश आ गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार के साथ कुछ अच्छा वक्त बिताने के लिए घर से निकले 43 साल के इस शख्स की शुक्रवार शाम मंजलपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास एक खुले मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। अधिकारियों ने घटना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मृतक की पहचान विपुल सिंह जाला के रूप में हुई है। वह सफाई के दौरान कथित तौर पर खुले छोड़े गए 15 से 30 फीट गहरे मैनहोल में गिर गए थे। विपुल अपने पीछे अपनी पत्नी और 5 साल के अपने बेटे को छोड़ गए हैं।

'पानी की सतह पर उनके जूते तैरते नजर आए'

बताया जा रहा है कि विपुल के पिता गुजरात पुलिस के रिटायर्ड DSP हैं। विपुल के रिश्तेदार गिरीराज सिंह चुडासमा ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब 7 बजे विपुल कार पार्क करने के लिए बाहर गए और परिवार को इंतजार करने को कहा।  गिरीराज ने कहा, 'जब वह 20 मिनट से ज्यादा वक्त बीत जाने के बाद भी नहीं लौटे, तो हम उन्हें ढूंढ़ने लगे। उनका मोबाइल फोन भी बंद था। तलाशी के दौरान हमें एक खुला मैनहोल दिखा। अंदर झांककर देखा तो पानी की सतह पर उनके जूते तैरते नजर आए।' वडोदरा म्यूनिसिपल कमिश्नर अरुण महेश बाबू ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर फायर डिपार्टमेंट की टीम मौके पर पहुंची और विपुल को मैनहोल से बाहर निकाला।

'दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज किया गया है'

म्यूनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि विपुल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक वरिष्ठ नगर निगम अधिकारी ने मीडिया से कहा, 'अगर लापरवाही पाई गई तो ठेकेदार एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हमने जलापूर्ति विभाग से आधिकारिक रिपोर्ट भी मांगी है।' ACP प्रणव कटारिया ने बताया कि फिलहाल दुर्घटना से मौत का मामला दर्ज किया गया है। और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, 'पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद परिवार के सदस्यों और नगर निगम अधिकारियों को बुलाकर आगे की कार्रवाई करेंगे। अगर लापरवाही साबित हुई तो FIR दर्ज की जाएगी।' (इनपुट: सत्यम नेवासकर)