1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. PM मोदी के काफिले के रूट पर खराब थीं 14 लाइटें, लापरवाही के आरोप में नगर निगम का अधिकारी सस्पेंड

PM मोदी के काफिले के रूट पर खराब थीं 14 लाइटें, लापरवाही के आरोप में नगर निगम का अधिकारी सस्पेंड

निलंबित किए गए अधिकारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। स्ट्रीट लाइट में खराबी का मामला 31 अक्टूबर की शाम का है, जब पीएम मोदी का काफिला एकता नगर से वडोदरा लौट रहा था।

पीएम मोदी का रोड शो- India TV Hindi
Image Source : PTI पीएम मोदी का रोड शो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काफिला एकता नगर में 31 अक्टूबर को जिस सड़क से गुजरा था, उसके एक हिस्से में 14 स्ट्रीट लाइट खराब पाई गई थी। इस मामले में लापरवाही को लेकर डभोई नगरपालिका के एक अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल 30 और 31 अक्टूबर को पड़ोसी नर्मदा जिले के एकता नगर स्थित 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' गए थे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में हिस्सा लिया था। 

काफिले के दौरान कुछ लाइटें टिमटिमा रही थीं

डभोई नगरपालिका के मुख्य अधिकारी विराज शाह ने प्रकाश विभाग के प्रभारी महेश वसावा को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया। निलंबन आदेश के अनुसार, नंदोडी भागोल इलाके में दो और शिनोर चौराहे तथा सरिता पुल के पास 12 स्ट्रीट लाइट काम नहीं कर रही थीं। काफिले के गुजरने के दौरान कुछ अन्य लाइट टिमटिमा रही थीं। 

31 अक्टूबर की शाम सामने आई ये लापरवाही

अधिकारियों ने बताया कि यह लापरवाही 31 अक्टूबर की शाम सामने आई, जब प्रधानमंत्री का काफिला एकता नगर से वडोदरा लौट रहा था। वडोदरा को स्टैच्यू ऑफ यूनिटी से जोड़ने वाला राजमार्ग डभोई के बाहरी हिस्से से गुजरता है और शहर की कई प्रमुख सड़कें इससे जुड़ती हैं। 

निलंबित अधिकारी से मांगा गया स्पष्टीकरण

निलंबन आदेश में कहा गया कि कार्यालय की ओर से निर्देश दिए जाने के बावजूद लाइट की मरम्मत का काम पूरा नहीं किया गया। इसमें वसावा को 6 नवंबर को सुनवाई के लिए उपस्थित होने और अपना स्पष्टीकरण देने का निर्देश भी दिया गया है। 

निलंबित अधिकारी के खिलाफ बार-बार मिली शिकायतें 

विराज शाह ने पत्रकारों से कहा, ''वसावा को उनके लापरवाह रवैये के कारण निलंबित किया गया है।'' आदेश में संबंधित अधिकारी के खिलाफ बार-बार मिली शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है।

रोड शो में थे बड़ी संख्या में लोग

बता दें कि पीएम मोदी ने गुजरात के एकता नगर में रोड शो किया था। इस दौरान सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। पीएम मोदी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। रोड शो के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। 

(भाषा के इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: 

गुजरात के निर्भया कांड के दोषी की जेल में हार्ट अटैक से मौत, कोर्ट ने सुनाई थी फांसी की सजा