सूरत शहर कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व प्रमुख बाबू रायका के पुत्र और मौजूदा सूरत शहर कांग्रेस के उपाध्यक्ष ऋषिन रायका के खिलाफ कांग्रेस के ही कार्यकर्ता ने गंभीर आरोप लगाए है। कांग्रेस कार्यकर्ता दीप नायक ने सूरत के उमरा थाने में 1.95 करोड़ रुपए की सूदखोरी, धोखाधड़ी और जबरन संपति हड़पने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
90 लाख का फ्लैट 8 लाख रुपये में खरीदा
दीप नायक ने बताया कर्ज देते समय सिक्यूरिटी के नाम पर उनसे कोरे चेक लिए थे। इन चेकों में मनमानी रकम भरकर उन्हें बाउंस कराया गया और बाद में कोर्ट में 138 के तहत केस दर्ज कर मानसिक और आर्थिक दबाव बनाया गया। शिकायत में यह भी बताया गया है कि जनवरी 2023 में दबाव और धमकी देकर फ्लैट 8 लाख रुपए में लिखवा लिया, जबकि उसकी बाजार कीमत करीब 90 लाख रुपया है।
40 लाख रुपये लेने का आरोप
कांग्रेस नेता ऋषिन रायका पर आरोप है कि उन्होंने सरकारी रिजर्वेशन हटाने के नाम पर 40 लाख रुपए ले लिए। कांग्रेस कार्यकर्ता की एक जमीन सरकारी रिजर्वेशन में थी। दीप नाइक ने आरोप लगाया कि ऋषिन रायका ने बताया कि मेरी पहुंच ऊपर तक है, मैं जमीन रिजर्वेशन से मुक्त करा लूंगा। इसके लिए 40 लाख रुपए खर्च होंगे। ऐसा करके 40 लाख ऐंठ लिए। बाद में पता चला कि रिजर्वेशन सरकारी नियमों के तहत स्वयं हट गया था, जबकि आरोपी ने गलत तरीके से रुपए हड़प लिए थे।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
आरोप है कि आर्थिक संकट के समय मदद करने के बजाय ऋषिन रायका ने मजबूरी का फायदा उठाकर बिना लाइसेंस 6% ऊंचे ब्याज पर पैसा देना शुरू किया। 2018-19 में रायका ने टुकड़े में कुल 1.05 करोड़ रुपए 6 प्रतिशत मासिक ब्याज पर दिए। दीप नायक ने बताया कि मैने ब्याज सहित 1.27 करोड़ रुपये चुका दिए है, फिर भी 1.95 करोड़ बकाया बताकर धमकी दे रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गुजरात मनी लेंडिंग एक्ट की धारा 33 समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस मामले में ओर साक्ष्य एकत्रित कर रही है। पुलिस अब इसके अलावा ओर कोई शामिल है या नहीं उनकी भी पड़ताल कर रही है।
रिपोर्ट: शैलेष चांपानेरिया, सूरत