A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. 8 साल के बेटे का जन्मदिन मनाने स्विमिंग पूल गया था पिता, अचानक बेहोश होकर गिरा और डूबने से हुई मौत, देखें VIDEO

8 साल के बेटे का जन्मदिन मनाने स्विमिंग पूल गया था पिता, अचानक बेहोश होकर गिरा और डूबने से हुई मौत, देखें VIDEO

गुजरात के राजकोट में एक पिता की स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।

swimming pool - India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT स्विमिंग पूल में डूबने से मौत

राजकोट: राजकोट जिले में रविवार को गोंडल तहसील के पास कागवाड़ के एक रिज़ॉर्ट में दिल दहला देने वाली घटना हुई। नवागाम का एक 33 साल का युवक जो अपने 8 साल के बेटे का जन्मदिन मनाने गया था, बेहोश होने के बाद स्विमिंग पूल में जा गिरा था और डूबने से उनकी मोत हो गई। घटना के समय परिवार वाले आसपास थे, लेकिन किसी के ध्यान में आने से पहले ही उसकी मौत हो गई।

क्या है पूरा मामला?

नवागाम में रहने वाले और सेल्स और मार्केटिंग के बिजनेस से जुड़े अजय भांजीभाई राठौड़ (उम्र 33) के बेटे विहान का रविवार को जन्मदिन था, इसलिए परिवार  कागवाड़ के पास 'हेवन रिज़ॉर्ट' में पिकनिक और जन्मदिन का जश्न मनाने गया था। अजय के पिता और रिटायर्ड आर्मीमैन भांजीभाई राठौड़, मां, भाई और पत्नी पारुलबेन समेत सभी सदस्य इस खुशी के मौके पर राजकोट के अंबेडकरनगर से आए थे।

दोपहर करीब 1 बजे, जब परिवार के सभी सदस्य स्विमिंग पूल में नहा रहे थे, तो अजय अचानक पूल के किनारे टहलते हुए बेहोश हो गया और स्वीमिंग पूल में गिर गया। पहले तो सब को लगा कि वो तैरने के लिए पानी में गया है लेकिन बाद में कुछ गड़बड़ लगी तो पास में खड़े उसके बेटे विहान और दूसरे सदस्यों ने उसे देखा और तुरंत बाहर निकाला। 

घटना के बाद, अजय को तुरंत CPR दिया गया और 108 एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। माना जा रहा है कि यह हार्ट अटैक था। मौत का सही कारण पता लगाने के लिए बॉडी को फोरेंसिक पोस्टमॉर्टम के लिए राजकोट ले जाया गया है।

अपने पोते के जन्मदिन पर एक रिटायर्ड आर्मी पिता द्वारा जवान बेटे को खोने से राठौड़ परिवार सदमे में है। गोंडल तालुका पुलिस ने इस मामले में एक्सीडेंटल मौत का केस दर्ज किया है और आगे की जांच कर रही है। (रिपोर्ट- परेश)