1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के खावड़ा सोलर पार्क में भीषण हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत; कई घायल

गुजरात के खावड़ा सोलर पार्क में भीषण हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत; कई घायल

कच्छ के खावड़ा सोलर पार्क इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां ट्रेलर की टक्कर से बोलेरो सवार सात लोगों की मौत हो गई है। वहीं कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।

दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार सात लोगों की मौत।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दर्दनाक हादसे में बोलेरो सवार सात लोगों की मौत।

कच्छ: इस वक्त की बड़ी खबर गुजरात के कच्छ जिले से सामने आ रही है। यहां खावड़ा सोलर पार्क इलाके में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक खावड़ा पुलिस चेकपोस्ट से सोलर पार्क की ओर जाने वाले रास्ते पर यह हादसा हुआ। यहां बोलेरो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में 7 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आ रही है। वहीं अब तक की मिली जानकारी के मुताबिक बोलेरों में कामगार सवार थे, जिसमें ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बोलेरो में सवार 7 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत होने की जानकारी सामने आई है। इस भीषण हादसे में अन्य कई लोगों के भी घायल होने की खबर है।

बोलेरो में सवार थे कामगार

फिलहाल प्राथमिक अनुमान के अनुसार, बोलेरो में 15 से अधिक कामगार सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि मृतकों के शवों को खावड़ा लाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भुज ले जाने की प्रक्रिया शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि सोलर पार्क में इस प्रकार का यह पहला बड़ा हादसा है। देर रात हुए इस भीषण दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की चीख-पुकार से माहौल गूंज उठा। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे की जांच की जा रही है।

भावनगर में सात लोगों की मौत

बता दें कि अभी कुछ दिन पहले ही गुजरात के भावनगर जिले में भी ऐसा ही एक हादसा देखने को मिला था। यहां भावनगर में एक खड़े ट्रेलर से टकराने से एसयूवी में सवार सात लोगों की मौत हो गई थी। जानकारी के मुताबिक ये हादसा भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर हुआ। यहां तलाजा तालुका में त्रापाज गांव के पास ट्रेलर सड़क किनारे खड़ा था, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ट्रेलर में घुस गई। इस हादसे में बोलेरो सवार सात लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस अधीक्षक नितेश पांडे ने बताया कि मरने वाले लोग भावनगर से अलंग जा रहे थे, जहां वे एक शिपयार्ड में काम करते थे। पुलिस ने बताया कि गाड़ी के अंदर फंसे शवों को निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। (इनपुट- नितेश गोर)

यह भी पढ़ें-

पंजाब को 4 साल बाद मिला स्थायी डीजीपी, सीनियर IPS अधिकारी गौरव यादव संभालेंगे पुलिस की कमान