A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में बस और ऑटोरिक्शा की भीषण टक्कर, मौके पर 6 लोगों ने तोड़ा दम

गुजरात में बस और ऑटोरिक्शा की भीषण टक्कर, मौके पर 6 लोगों ने तोड़ा दम

गुजरात के पाटन में बस और ऑटो की टक्कर में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। माना जा रहा है कि यह हादसा ओवरटेक करने की कोशिश के दौरान हुआ।

Gujarat accident, Patan, road accident, auto-rickshaw, state transport bus- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIONAL गुजरात में सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

पाटन: गुजरात के पाटन जिले से दर्दनाक खबर सामने आई है। हारिज-राधनपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोगों की दर्दनाक मौत हुई है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11:30 बजे सरकारी बस राधनपुर से हिम्मतनगर के लिए जा रही थी, तभी समी के गोचनाद के पास ऑटोरिक्शा से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। वहीं स्थानीय लोगों की मानें तो बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर बस को काबू में नहीं रख पाया, जिसके कारण बस चालक ने ऑटो रिक्शा में सवार लोगों को कुचल दिया, जिसमें 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

ओवरटेक करने की कोशिश में हुआ ये हादसा!

हादसा इतना भयानक था कि रिक्शा बस के नीचे पूरी तरह से दब गया था। कुछ लोगों के शव बस के नीचे दबे हुए थे, जिन्हें हटाने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। हादसे की खबर मिलते ही जिला एसपी वसंतकुमार नाई सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। दुर्घटना को लेकर हो रही शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि बस ड्राइवर ने ओवरटेक करने के प्रयास में नियंत्रण खो दिया था और ऑटो से जा टकराया था। पुलिस ने इस मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही राधनपुर के विधायक और बीजेपी नेता लाविंगजी ठाकोर भी मौके पर पहुंचे और मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया।

पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे गए

जानकारी के मुताबिक, वादी कॉलोनी के कुछ लोग भिक्षा मांगने के लिए समी गए थे। वे रिक्शे में सवार होकर राधनपुर लौट रहे थे। जब वे घोचनाद के पास से गुजर रहे थे, तभी राधनपुर से हिम्मतनगर जा रही एक एसटी बस के चालक ने उनके रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में 6 लोगों की जान चली गई। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए राधनपुर रेफरल अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी पहचान और पूछताछ के बाद पोस्टमॉर्टम किया गया। इसके पश्चात शव परिजनों को सौंप दिए गए।

भिक्षा मांगकर लौट रह थे वादी समुदाय के लोग

हादसे की खबर फैलते ही वादी समुदाय और अन्य स्थानीय लोग बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां शोक और गमगीन माहौल बन गया। वादी बस्ती के मुखिया प्रभुभाई वादी ने बताया कि सभी लोग भिक्षा मांगने के लिए समी गए थे और भिक्षा लेकर अपने घर लौट रहे थे। मृतकों में बाबूभाई लालाभाई वादी, कांताबेन बाबूभाई वादी, ईश्वरभाई लालाभाई, ताराबेन ईश्वरभाई, नरेशभाई ईश्वरभाई और सायराबेन दिलुभाई वादी शामिल हैं। इस हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया है। पुलिस ने बस चालक से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की गहन जांच में जुट गई है। (रिपोर्ट: विपिन)