1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत में भराभराकर गिरीं 3 जर्जर इमारतें, सामने आया इमारत ढहने का LIVE वीडियो

सूरत में भराभराकर गिरीं 3 जर्जर इमारतें, सामने आया इमारत ढहने का LIVE वीडियो

सूरत में मकान का हिस्सा गिरने से अफरातफरी मच गई। इसका लाइव वीडियो भी सामने आया है। फुटेज में दो मंजिला मकान का हिस्सा गिरता हुआ नजर आ रहा है।

Surat building collapse- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सूरत में दो मंजिला मकान का हिस्सा गिरा।

गुजरात के सूरत में मानसून की बारिश के दौरान जर्जर मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटे में सूरत के अलग-अलग इलाकों में 3 जर्जर इमारतों के हिस्से और दीवारें गिर गईं। गनीमत रही कि इन तीनों घटनाओं में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। सभी लोग सुरक्षित हैं।

भराभराकर गिरा दो मंजिला मकान का हिस्सा

बता दें कि सूरत के भागल के हरिपुरा क्षेत्र स्थित सुखाड़िया शेरी में मकान का पिछला हिस्सा और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। यह दो मंजिला मकान लंबे समय से बंद था और अत्यंत जर्जर अवस्था में था। घटना के बाद क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। मकान खाली होने की वजह से बड़ा हादसा होने से टल गया। 

मकान गिरने का लाइव वीडियो आया सामने

इस मकान के गिरने का लाइव वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि जब मकान का हिस्सा गिरा तो कुछ लोग गली में खड़े थे। लेकिन सभी उचित दूरी पर थे। और जब मकान गिरा तो वे पूरी तरह उससे बच गए। हालांकि, जब मकान का हिस्सा गिरा तो कुछ लोग चीखते-चिल्लाते हुए नजर आए थे।

लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई

गौरतलब है कि मौके से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। एहतियात के रूप में मौके के आसपास रहने वाले लोगों को भी सावधान को रहने की सलाह दी गई है। इससे पहले बीते बुधवार की रात को 11 बजे से सुबह 4 बजे तक बहुत ज्यादा बारिश होने की चेतावनी IMD की तरफ से जारी की गई थी

वलसाड में भी बारिश से बिगड़े हालात

गौरतलब है कि बीते बुधवार को गुजरात के वलसाड में भी भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। वलसाड में बीते बुधवार को महज 10 घंटे में 243 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई जिसके बाद अफसरों को प्रभावित 200 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाना पड़ा। अधिकारियों ने हालात के मद्देनजर वलसाड के स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। साथ ही वलसाड की 325 से ज्यादा सड़कें भी बंद कर दी गई हैं।

निचले हिस्सों और कई गांवों में भरा पानी

वलसाड के कलेक्टर नितिन सांगवान ने बताया कि भारी बारिश की वजह से शहर के कई निचले हिस्सों और गांवों में जलभराव हो गया। वहीं, गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के मुताबिक, वलसाड शहर में बुधवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे के बीच 243 मिलीमीटर बारिश हुई।

(इनपुट- शैलेष चांपानेरिया)

ये भी पढ़ें- Video: बाढ़ का कहर! कार पार नहीं कर सकती थी तो मरीज को JCB के सहारे पहुंचाया गया एंबुलेंस तक