1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. 'तुम में बहुत दम है', ये कहकर स्कूल गेट के बाहर 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, 4 छात्र हिरासत में, जानिए पूरा मामला

'तुम में बहुत दम है', ये कहकर स्कूल गेट के बाहर 10वीं के छात्र पर चाकू से हमला, 4 छात्र हिरासत में, जानिए पूरा मामला

गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। घायल छात्र दसवीं के बोर्ड की परीक्षा नहीं दे सका है। आरोपी 4 छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है।

चाकू के हमले से घायल हुआ बच्चा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT चाकू के हमले से घायल हुआ बच्चा

सूरत के पांडेसरा इलाके में स्थित गैलेक्सी आर्मी इंटरनेशनल स्कूल के बाहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मामूली विवाद के चलते चार नाबालिग छात्रों ने कक्षा 10 में पढ़ने वाले एक छात्र पर स्कूल गेट के पास ही चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी सर्जरी की गई है। हमले के कारण वह सोमवार को होने वाली कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा का पेपर नहीं दे सका, जिससे उसका एक साल खराब होने की आशंका है।

डांस करते समय लग गया पैर

जानकारी के अनुसार, घायल छात्र अपनी मां के साथ बहन के स्कूल फंक्शन में गया था। कार्यक्रम के दौरान डांस करते समय एक छात्र का पैर दूसरे छात्र को लग जाने से विवाद शुरू हो गया था। फंक्शन में मौजूद दो छात्रों के बीच इस बात को लेकर कहासुनी हुई थी। बाद में दोनों छात्रों ने बाहर जाकर अपने दो अन्य साथियों को बुला लिया और पुरानी रंजिश रखते हुए अचानक छात्र पर हमला कर दिया। 

आरोपियों ने रास्ते में छात्र को रोका

बताया जा रहा है कि जब पीड़ित छात्र स्कूल से घर लौट रहा था, तभी आरोपियों ने रास्ते में उसे रोक लिया। पहले उससे गाली-गलौज की और 'तुम में बहुत दम है' कहकर उसे उकसाया। इसके बाद एक छात्र ने चाकू निकालकर उसकी पीठ और पेट तीन वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

चारों नाबालिग छात्र हिरासत में

हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। सूचना मिलने पर पांडेसरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों नाबालिगों को पकड़ लिया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

बोर्ड के पेपर नहीं दे सका घायल छात्र

हमले में घायल छात्र को गंभीर हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी सर्जरी की। डॉक्टरों के अनुसार छात्र को पेट और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं। घटना के कारण वह कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा का पेपर नहीं दे सका। परिवार को अब इस बात की चिंता सता रही है कि छात्र का पूरा साल खराब हो सकता है। परिजनों का कहना है कि पढ़ाई में अच्छा छात्र होने के बावजूद इस घटना ने उसके भविष्य पर बड़ा असर डाल दिया है। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस की टीम ने शुरू की मामले की जांच

पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही पांडेसरा पुलिस की टीम ने तुरंत जांच शुरू की। तकनीकी जानकारी और स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। एसीपी वी आर मल्होत्रा ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी नाबालिग हैं। उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू कहां से लाया गया था? क्या इस वारदात की पहले से योजना बनाई गई थी?

सूरत से सैलेश की रिपोर्ट