A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत: चुपके से आए हमलावर और चाकू से किए सैकड़ों वार, CCTV में कैद हुई बेरहम हत्या की घटना

सूरत: चुपके से आए हमलावर और चाकू से किए सैकड़ों वार, CCTV में कैद हुई बेरहम हत्या की घटना

कपड़ा व्यापारी की क्रूर हत्या के मुख्य आरोपी अशफाक उर्फ कौआ को सूरत क्राइम ब्रांच ने वापी से गिरफ्तार किया। अशफाक ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।

Murder CCTV Video- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT हत्या का सीसीटीवी वीडियो

गुजरात के सूरत में एक कपड़ा दलाल की बेरहम हत्या का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावर चुपके से आते हैं और कपड़ा दलाल पर हमला कर देते हैं। आरोपी लगातार चाकू मारते रहते हैं। वह 100 से ज्यादा बार चाकू मारते हैं और पीड़ित की हत्या कर उसके हाथ की उंगली भी काट लेते हैं। इसके बाद चाकू लहराते हुए निकल जाते हैं। घटना सूरत के लिंबायत विस्तार की है।

हत्या की जानकारी मिलते ही लिंबायत पुलिस समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल को अस्पताल ले गई। यहां डॉक्टरों ने आलोक को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने अलग-अलग दिशा में जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान आलोक अग्रवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आलोक के परिवार में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहता था और कपड़ों की दलाली का काम करता था।

"जिस हाथ से चाटा मारा, उसकी उंगली भी काट देना"

गुजरात के सूरत के लिंबायत इलाके में 2 अगस्त को हुए कपड़ा व्यापारी आलोक अग्रवाल की क्रूर हत्या के मुख्य आरोपी अशफाक उर्फ कौआ को सूरत क्राइम ब्रांच ने वापी से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान अशफाक ने पुलिस पर हमला करने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।

सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आलोक अग्रवाल की हत्या के संबंध में पहले ही पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका था। जांच में सामने आया कि हत्या का मास्टरमाइंड अशफाक उर्फ कौआ ही था। दरअसल, आलोक और नासिर शेख के बीच हुए झगड़े में आलोक ने अशफाक को थप्पड़ मार दिया था। इसी थप्पड़ का बदला लेने के लिए अशफाक ने चार लोगों को सुपारी दी थी और निर्देश दिया था कि "जिस हाथ से मुझे थप्पड़ मारा था, उस हाथ की उंगली भी काट देना।"

पुलिस अशफाक को पकड़ने के लिए लगातार प्रयासरत थी। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर जे.एन. गोस्वामी को खुफिया जानकारी मिली कि अशफाक वापी-सिलवासा इलाके में छिपा हुआ है और वहां से किसी दूसरे राज्य में भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही सूरत क्राइम ब्रांच की टीम ने तत्काल कार्रवाई की।

"महिला सामने आई, पीछे अशफाक छिपा हुआ था"

पुलिस ने सिलवासा के डंगरा इलाके स्थित अमन फ्लैट्स के कमरा नंबर 604 पर छापा मारा। दरवाजा खोलने पर साजिद उर्फ शाहरुख नामक व्यक्ति मिला, जिसने अशफाक के बारे में जानकारी देने से इनकार कर दिया। पुलिस ने जब फ्लैट की तलाशी ली, तो एक कमरा अंदर से बंद मिला। साजिद से कमरा खुलवाने पर एक महिला सामने आई, और उसके पीछे अशफाक छिपा हुआ था।

पुलिस इंस्पेक्टर और उनकी टीम ने अशफाक को दबोचने की कोशिश की, तो अशफाक ने चाकू से सीधा पुलिस पर हमला कर दिया। आत्मरक्षा में, इंस्पेक्टर जे.एन. गोस्वामी ने अशफाक के पैर में गोली मार दी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल अशफाक को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया। इलाज के बाद उसे सूरत लाया गया।

डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि अशफाक उर्फ कौआ पर सूरत के विभिन्न थानों में 12 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें ड्रग्स, मारपीट, और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि अशफाक के साथ मौजूद महिला उसकी पत्नी है।

(सूरत से शैलेष चांपानेरिया की रिपोर्ट)