सूरतः सूरत पुलिस ने बृहस्पतिवार को जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष कनैयालाल कॉन्ट्रेक्टर को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पदाधिकारी पर अपने व्यावसायिक साझेदारों के जाली हस्ताक्षर बनाकर 2.92 करोड़ रुपये का गारंटीशुदा कर्ज हासिल करने का आरोप है जिसे बाद में उन्होंने चुकाया भी नहीं। फिलहाल पुलिस कनैयालाल से पूछताछ कर रही है।
आर्थिक अपराध शाखा ने दर्ज किया था मामला
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अपराध शाखा की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने पिछले साल सूरत जिला क्रिकेट संघ (एसडीसीए) के अध्यक्ष कॉन्ट्रैक्टर (82) के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप में मामला दर्ज किया था। कॉन्ट्रैक्टर के दिवंगत भाई की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी जो एक निर्माण कंपनी में साझेदार हैं।
फर्जी साइन करने का भी आरोप
पुलिस के अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर ने कथित तौर पर अपनी भाभी नयनाबेन और उनके दिवंगत पति हेमंतभाई के जाली हस्ताक्षर किए, ताकि उनकी साझेदारी वाली कंपनी पर नियंत्रण पाने के लिए एक नकली ‘पावर ऑफ अटॉर्नी’ तैयार की जा सके। निर्माण कंपनी की जाली पावर ऑफ अटॉर्नी का इस्तेमाल करके उसने कथित तौर पर शहर के अठवालाइन्स इलाके में कंपनी की प्रॉपर्टी पर 2.92 करोड़ रुपये का कर्ज लिया।
निजी खर्च के लिए निकाली रकम
पुलिस ने कहा कि कॉन्ट्रैक्टर ने कथित तौर पर कर्ज की रकम अपने निजी खर्च के लिए निकाल ली। इसमें कहा गया है कि आरोपी ने लोन का कुछ हिस्सा चुका दिया, लेकिन करीब 67 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। एक साल पहले केस दर्ज होने के बाद, कॉन्ट्रैक्टर ने गुजरात उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय दोनों से अग्रिम जमानत के लिये अनुरोध किया। अधिकारी ने कहा कि अदालत से राहत नहीं मिलने पर अपराध शाखा ने उसे हिरासत में ले लिया। उन्होंने कहा कि वित्तीय लेनदेन और दूसरे लोगों की संलिप्तता का पता लगाने के लिये जांच शुरू कर दी गई है।
इनपुट- भाषा