A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात के सूरत में बड़ा बवाल! नाबालिग से छेड़खानी के बाद सड़क पर उतरे नाराज लोग; किया हंगामा

गुजरात के सूरत में बड़ा बवाल! नाबालिग से छेड़खानी के बाद सड़क पर उतरे नाराज लोग; किया हंगामा

सूरत में भीड़ ने पुलिस की वैन से उतारकर छेड़खानी के आरोपी को पीटा। इसके बाद, जब पुलिस उसे छुड़ाकर थाने ले गई तो भीड़ ने पुलिस स्टेशन का ही घेराव कर लिया। सूरत में हंगामे का वीडियो वायरल हो रहा है।

सूरत में लोगों ने थाने...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT सूरत में लोगों ने थाने का घेराव करने की कोशिश की।

Surat Molestation Case: गुजरात के सूरत में बड़ा बवाल हो गया है। यहां नाबालिग लड़की से छेड़खानी के बाद लोगों में गुस्सा है। वे सड़कों पर उतर आए। इसके बाद, गुस्साई भीड़ ने थाने का घेराव भी किया। लोगों ने आरोपी पर एक्शन को लेकर थाने की घेराबंदी की। लोग सूरत के अलथन थाने के बाहर पहुंचे और नारेबाजी की। इस दौरान, उनकी पुलिस के साथ भिड़ंत भी हो गई। इसके बाद, पुलिस लोगों को खदेड़ती हुई नजर आई। जानें ये पूरा मामला क्या है।

आरोपी पर एक्शन की मांग को लेकर घेराव

दरअसल, सूरत में सड़क पर उतरे आक्रोशित लोगों ने मांग की कि आरोपी को पकड़ा जाए और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। पुलिस ने जब स्थिति को काबू करने की कोशिश की तो लोग उनसे भिड़ गए। थाने का घेराव करने आए लोगों में महिला और पुरुष दोनों शामिल थे। लोग अपने हाथों में लाठी और डंडे लिए नजर आए।

भीड़ ने पुलिस के सामने आरोपी को पीटा

बताया जा रहा है कि जब ये घटना सामने आई तो लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया था। इसके बाद, उन्होंने 112 नंबर पर कॉल की और पुलिस को बुलाया। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, तब तक खबर पूरे इलाके में फैल गई थी और इस वजह से बहुत सारे लोग वहां आ गए थे। इसके बाद, भीड़ ने पुलिस वैन से उतारकर आरोपी को मौके पर पीटा। फिर, और पुलिस बुलानी पड़ी और तब उन्होंने आरोपी को अपनी गिरफ्त में लिया।

विधायक ने भीड़ से की शांति की अपील

इसके बाद, जब पुलिस की टीम आरोपी को लेकर थाने में पहुंची तो भीड़ ने थाने का ही घेराव कर लिया। इस दौरान, इलाके के विधायक मनु पटेल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने लोगों से अपील की कि कोई भी ऐसी हरकत ना करें जिससे कानून-व्यवस्था बिगड़े। इस घटना के मद्देनजर, मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात है। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी पूरे इलाके को राउंड अप किया। दूसरे थानों से भी पुलिस के जवान यहां पहुचे हैं।

पुलिस कोशिश कर रही है कि भीड़ को मौके से हटाया जाए। इसके बाद, आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस की ये कोशिश भी है कि इस घटना को लेकर और कोई अफवाह ना फैले। इससे तनाव पूरे शहर में नहीं फैलना चाहिए।

ये भी पढ़ें- मराठी मुद्दे पर हंगामा करने वाले राज ठाकरे की पार्टी के नेताओं पर बड़ा एक्शन, पुलिस ने 11 को किया गिरफ्तार; जानें पूरा मामला