A
Hindi News गुजरात Amazon प्राइम की फ्रेंचाइजी लेने के लिए बैंक को दिनदहाड़े लूटा, इस तरह पुलिस की पकड़ में आया आरोपी

Amazon प्राइम की फ्रेंचाइजी लेने के लिए बैंक को दिनदहाड़े लूटा, इस तरह पुलिस की पकड़ में आया आरोपी

सूरत में गुजरात ग्रामीण बैंक में डकैती करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से लूट गए रुपये भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस हिरासत में आरोपी- India TV Hindi Image Source : INDIA TV पुलिस हिरासत में आरोपी

सूरत के सचिन क्षेत्र की बैंक में मंगलवार को दिनदहाड़े लूट की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, गुजरात ग्रामीण बैंक में मंगलवार दोपहर को दिनदहाड़े बंदूक की नोक पर 4 लाख रूपये से अधिक की नकदी लूटने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। लूट की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई थी। 

लूट का सीसीटीवी आया सामने

सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि बैंक में लुटेरे ने बंदूक की नोक पर घटना को अंजाम दिया और फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस भी हरकत में आई और अलग अलग टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक के सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो आरोपी सफेद टोपी पहनकर बैंक में प्रवेश दिखा। बैंक में घुसने के बाद आरोपी सीधा कैश काउंटर पर जाता है। वहां महिला कर्मचारियों को बंदूक दिखाकर नकदी निकालकर महिला कर्मचारी और एक ग्राहक को स्ट्रांग रूम में बंद कर फरार हो जाता है। पुलिस ने जांच शुरू की और 24 घंटे में ही सूरत क्राइम ब्रांच को सफलता मिली। 

बैंक का लूटा हुआ पैसा बरामद

सूरत क्राइम ब्रांच के डीसीपी भावेश रोजिया ने बताया कि पिस्टल के साथ बैंक में लूट की घटना को लेकर हमने अलग-अलग टीम बनाकर जांच शुरू की थी। टेक्निकल सर्विलांस और खबरियों से एक इन्फॉर्मेशन मिली थी। उसी आधार पर हमने नाजेश उर्फ बबलू मोहम्मद सनाउल्लाह शेख को हमने पकड़ा था। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। पुलिस को इनके पास से एक पिस्टल और सात राउंड कारतूस बरामद हुए हैं। साथ में बैंक से लूटे हुए करीब 3 लाख 33 हजार रूपये और महिला कर्मचारी का बैग भी बरामद हुआ है। 

मेजॉन प्राइम पार्सल डिलीवरी की फेंचाइजी लेना चाहता था आरोपी

पुलिस ने बताया कि एक महीने पहले बिहार के चंपारण से एक पिस्टल और सात कारतूस बैंक में लुट करने के लिए खरीदे थे। उन्हें अमेजॉन प्राइम की जो पार्सल डिलीवरी की फेंचाइजी लेनी थी और उसके लिए 10 से 12 लाख रुपये की जरुरत थी। आरोपी ने लूट को अंजाम देने के लिए दो दिन पहले बैंक की रेकी भी की थी। बैंक में सिर्फ महिला कर्मचारी ही मौजूद रहती हैं। इसलिए उसे लगा कि वह आसानी से लूट की घटना को अंजाम दे सकता है।    

रिपोर्ट: शैलेष चांपानेरिया, सूरत