A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. आंधी-तूफान और गरज के साथ ओलावृष्टि, अगले 4 दिनों के लिए IMD ने जारी किया बेमौसम बारिश का अलर्ट

आंधी-तूफान और गरज के साथ ओलावृष्टि, अगले 4 दिनों के लिए IMD ने जारी किया बेमौसम बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होगी। इस दौरान कई जिलों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है। बेमौसम बारिश से किसानों को खासा नुकसान होने वाला है।

भारी बारिश का अलर्ट- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO-PTI भारी बारिश का अलर्ट

देश के कई राज्यों में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है। ओडिशा के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा है। वहीं, गुजरात में बेमौसम बारिश का असर देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि गुजरात में फिर से घने बादल छाएंगे। तेज आंधी-तूफान के साथ गुजरात के कई जिलों में भारी बारिश होगी। कुछ जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है।

बेमौसम बारिश का अलर्ट

सोमवार से अगले चार दिन (31 मार्च से 3 अप्रैल) तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बेमौसम बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है। सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। मध्य और उत्तर गुजरात में भी छिटपुट बेमौसम बारिश की संभावना है। 

मंगलवार को गुजरात के इन जिलों में बारिश का अनुमान

सोमवार को गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, नवसारी, वलसाड, तापी, डांग और नर्मदा जिलों में गरज के साथ हल्की बेमौसम बारिश होने की संभावना है। मंगलवार (1 अप्रैल) को गिर सोमनाथ, अमरेली, भावनगर, पंचमहल, दाहोद, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, नवसारी, डांग और वलसाड जिलों में छिटपुट स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बेमौसम बारिश होने का अनुमान जताया गया है।

नवसारी, तापी, वलसाड और गिर सोमनाथ में भी होगी बारिश

बुधवार को (2 अप्रैल) को साबरकांठा, अरावली, महिसागर, दाहोद, पंचमहल, वडोदरा, छोटा उदयपुर, भरूच, नर्मदा, सूरत, तापी, डांग, नवसारी, वलसाड, गिर सोमनाथ, अमरेली और भावनगर जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ छिटपुट बेमौसम बारिश होने की संभावना है।

नर्मदा और तापी समेत कई जिलों में भी बरसेंगे बदरा

इसके साथ ही मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार (3अप्रैल) को छोटा उदयपुर, नर्मदा, तापी और डांग जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बेमौसम बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।