A
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. उमरेठ उपचुनाव 2026: कौन हैं भृगुराज सिंह चौहान? जिन्हें कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाकर चला बड़ा दांव

उमरेठ उपचुनाव 2026: कौन हैं भृगुराज सिंह चौहान? जिन्हें कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाकर चला बड़ा दांव

कांग्रेस ने उमरेठ विधानसभा सीट से उपचुनाव के लिए भृगुराज सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनकी उम्मीदवारी को मंज़ूरी दे दी है।

कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराज सिंह चौहान- India TV Hindi
Image Source : REPORTER कांग्रेस उम्मीदवार भृगुराज सिंह चौहान

आणंदः गुजरात की उमरेठ सीट पर हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस ने 'क्षत्रिय कार्ड' चला है। कांग्रेस ने सीनियर पार्टी नेता भृगुराज सिंह चौहान को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। उमरेठ उपचुनाव के लिए बीजेपी ने हर्षद परमार को टिकट दिया है। भाजपा के विधायक गोविंद भाई परमार के निधन के बाद उमरेठ में उप चुनाव हो रहा है।  

कौन हैं भृगुराज सिंह चौहान

भृगुराज सिंह कांग्रेस के वफादार सिपाही और कद्दावर क्षत्रिय चेहरा हैं। क्षत्रिय नेता के जरिए कांग्रेस आणंद जिले का गणित साधने की कोशिश करेगी। भृगुराज सिंह चौहान ने गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी (GPCC) के भीतर कई संगठनात्मक पदों पर काम किया है। वह 2025 से GPCC के मध्य क्षेत्र (Central Zone) के समन्वयक के रूप में कार्यरत हैं और इससे पहले 2020 से 2025 के बीच प्रदेश प्रतिनिधि के तौर पर काम कर चुके हैं। 

उन्हें 2026 के लिए नाडियाद, महुधा, ठसरा और गलतेश्वर विधानसभा सीटों का PCC प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। इससे पहले, उन्हें 2020 में मोरवा हडाफ उपचुनाव और 2019 में कर्जन उपचुनाव के दौरान PCC प्रभारी की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। स्थानीय स्तर पर चौहान ने 2000 से 2015 तक लगातार तीन कार्यकाल के लिए उमरेठ तालुका पंचायत के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया है। उन्होंने आनंद में 'माही काठा विकास मंच' के अध्यक्ष, 'अखिल गुजरात क्षत्रिय मंच' के सचिव और 'अहिमा सेवा सहकारी मंडली' के अध्यक्ष के पद भी संभाले हैं। 

इससे पहले, पार्टी ने इस विधानसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए चार पर्यवेक्षक नियुक्त किए थे, जिन्हें चुनाव प्रचार के समन्वय, संगठनात्मक तैयारियों और ज़मीनी स्तर से फ़ीडबैक लेने का काम सौंपा गया था। इन पर्यवेक्षकों से अपेक्षा की गई थी कि वे स्थानीय पार्टी इकाइयों के साथ मिलकर काम करेंगे और बूथ-स्तरीय गतिविधियों पर नज़र रखेंगे। 

23 अप्रैल को होगा उपचुनाव

बता दें कि आनंद ज़िले की उमरेठ विधानसभा सीट, 6 मार्च को मौजूदा भाजपा विधायक गोविंद परमार के निधन के बाद खाली हो गई थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव कराना ज़रूरी हो गया। चुनाव आयोग ने 23 अप्रैल को मतदान और 4 मई को वोटों की गिनती निर्धारित की है। भाजपा ने हर्षद परमार को अपना उम्मीदवार बनाया है। वह दिवंगत विधायक के पुत्र हैं और वर्तमान में चिखोदरा ग्राम पंचायत के सरपंच तथा आनंद तालुका सरपंच संघ के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत हैं।

रिपोर्ट- नचिकेत मेहता