गुजरात के वडोदरा के पानीगेट पुलिस स्टेशन के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से 60 साल के बुजुर्ग, मोहम्मद खालिद शेटवाला की मौत हो गई। आरोप है कि बाइक चलाने वाला युवक शराब के नशे में धुत था।
कैसे हुआ हादसा?
मोहम्मद खालिद सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर में बुजुर्ग हवा में उछलकर कुछ दूर जाकर धड़ाम से गिर पड़े। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि बाइक की रफ्तार बहुत तेज थी।
नशे में थे बाइक सवार
बुजुर्ग के परिवार वालों का कहना है कि बाइक पर दो युवक सवार थे और दोनों ने शराब पी रखी थी। वे बहुत ही लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सच में नशे में था। पानीगेट पुलिस ने आरोपी सूरज रामशंकर राजपूत, निवासी खंडेराव मार्केट क्षेत्र, मूल निवासी रायबरेली (उत्तर प्रदेश), को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रक से बस की टक्कर, 8 की मौत-26 घायल
एक अन्य खबर में, गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार तड़के एक निजी बस के राजमार्ग पर खड़े ट्रक से टकरा जाने से 8 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मरने वालों में बस चालक भी शामिल है। अधिकारियों ने वडोदरा-हालोल राजमार्ग पर हुए इस हादसे के बारे में बताया कि यह घटना तड़के करीब 4:00 बजे वडोदरा शहर के बाहरी इलाके में कोटांबी गांव के पास हुई, जब राजस्थान से सूरत जा रही बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई।
वडोदरा के पुलिस अधीक्षक सुशील अग्रवाल ने बताया, "इस हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई और 26 अन्य घायल हुए हैं। इनमें से छह लोगों की मौत मौके पर ही हो गई थी, जबकि दो घायलों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में बस चालक भी शामिल है।"
(रिपोर्ट- सत्यम नेवासकर)
ये भी पढ़ें-
राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच CM योगी का अयोध्या दौरा, निर्देश- कार्यक्रम से दूर रहें चंपत राय
VIDEO: शिमला में भीषण भूस्खलन, घूमने जाने से पहले ये मंजर देख लीजिए; ढह गया पूरा पहाड़