गुजरात के वडोदरा में एक लड़की रोड रोलर के नीचे आ गई। इस हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना वडोदरा के तांदलजा की है। लड़की के साथ हुए हादसे की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दर्दनाक सड़क हादसा किस्मत चौकड़ी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य में लगा एक रोड रोलर गुजर रहा था, तभी एक्टिवा पर सवार तीन युवतियां उसकी चपेट में आ गईं। हादसे में एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो लड़कियों को हल्की चोटें आई हैं।
सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान तांदलजा स्थित फेथ स्कूल के पास रहने वाली माही के रूप में हुई है। हादसे के बाद रोड रोलर चालक मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
स्कूटर में सवार थीं तीन लड़कियां
मृतक लड़की की पहचान 19 वर्षीय महिनबानू इरशाद अली सैयद के रूप में हुई है। वह अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा स्कूटर पर घर जा रही थी। बारिश के कारण सड़क गीली होने से स्कूटर अचानक फिसल गया और तीनों लड़कियां सड़क पर गिर पड़ीं। ठीक उसी समय पास से गुजर रहा एक प्राइवेट रोड रोलर महिनबानू के ऊपर से निकल गया। महिनबानू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य दो सहेलियां बाल-बाल बच गईं और उन्हें मामूली चोटें आईं।
आरोपी ड्राइवर की तलाश जारी
पूरा हादसा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। परिवार के सदस्य भी वहां पहुंचे। 108 एम्बुलेंस बुलाई गई, लेकिन चिकित्सकों ने युवती को मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गोत्री अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रोड रोलर का ड्राइवर घटनास्थल से भाग गया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया में है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
(वडोदरा से सत्यम नेवास्कर की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
वंदे भारत ट्रेन के जरिए सूरत से अहमदाबाद पहुंचा दिल, देश में ऐसा पहला मामला, मिथुन ने 4 लोगों को दी नई जिंदगी
गुजरात में भारी बारिश के चलते हॉस्टल में भरा पानी, रात ढाई बजे 150 लोगों रेस्क्यू किए गए