1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात कांग्रेस के लिए इतना खास क्यों? सुरजेवाला ने बताई वजह, गांधी-पटेल का भी किया जिक्र

गुजरात कांग्रेस के लिए इतना खास क्यों? सुरजेवाला ने बताई वजह, गांधी-पटेल का भी किया जिक्र

कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने गुजरात को पार्टी के लिए प्रेरणा का स्रोत बताया। उन्होंने कहा कि यह महात्मा गांधी और सरदार पटेल की धरती और कांग्रेस की विचारधारा की जन्मस्थली है। गुजरात प्रभारी बनने के बाद सुरजेवाला ने विकास, प्रगति, सद्भाव और भाईचारे के जरिए नए गुजरात के निर्माण का भरोसा जताया।

Randeep Surjewala Gujarat, Gujarat Congress, Gujarat Congress News- India TV Hindi
Image Source : PTI कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला।

Highlights

  • रणदीप सुरजेवाला ने गुजरात को कांग्रेस की विचारधारा की जन्मस्थली और प्रेरणा का स्रोत बताया।
  • सुरजेवाला ने कहा, कांग्रेस और गुजरात एक-दूसरे के पर्याय हैं, मिलकर नया गुजरात बनाएंगे।
  • कांग्रेस ने सचिन पायलट समेत कई नेताओं को अलग-अलग राज्यों की नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

अहमदाबाद: कांग्रेस महासचिव और राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को कहा कि गुजरात कांग्रेस के लिए सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि गुजरात की धरती से कांग्रेस की विचारधारा की शुरुआत हुई और पार्टी के लिए गुजरात और कांग्रेस एक-दूसरे के पर्याय हैं। हाल ही में गुजरात के प्रभारी कांग्रेस महासचिव की जिम्मेदारी संभालने वाले सुरजेवाला ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के साथ मिलकर राज्य में विकास, प्रगति, सद्भाव और भाईचारे की राह को मजबूत करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस मिलकर एक नए गुजरात के निर्माण की दिशा में काम करेगी।

'गांधी और सरदार पटेल की धरती है गुजरात'

सुरजेवाला ने कहा, 'यह बापू और सरदार पटेल की धरती है और कांग्रेस की विचारधारा की जन्मस्थली है। कांग्रेस की विचारधारा गुजरात की मिट्टी से निकली है। कांग्रेस और गुजरात एक-दूसरे के पर्याय हैं। इसलिए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के लिए गुजरात सिर्फ एक राज्य नहीं, बल्कि प्रेरणा का स्रोत है।' उन्होंने कहा कि गुजरात वह जगह है, जहां कांग्रेस की विचारधारा ने जन्म लिया। ऐसे में पार्टी को पूरा भरोसा है कि सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और साथियों के साथ मिलकर राज्य में विकास, प्रगति, सद्भाव और भाईचारे की राह को और मजबूत किया जा सकता है। सुरजेवाला ने आगे कहा,

'हम सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और साथियों के साथ मिलकर काम करेंगे और एक नए गुजरात के निर्माण के लिए विकास, प्रगति, सद्भाव और भाईचारे की राह को और मजबूत और सशक्त बनाने में सफल होंगे।'

कांग्रेस ने कई राज्यों के प्रभारी बदले

दरअसल, कांग्रेस ने हाल ही में पार्टी के कई प्रमुख पदाधिकारियों की नई नियुक्तियां और जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। ये बदलाव तत्काल प्रभाव से लागू किए गए हैं। AICC महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, सचिन पायलट को पंजाब का प्रभारी महासचिव बनाया गया है, जबकि रणदीप सिंह सुरजेवाला को गुजरात का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया गया है। गुजरात की नई जिम्मेदारी के साथ सुरजेवाला के पास कर्नाटक के प्रभारी महासचिव की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी बनी रहेगी।

बघेल बने असम के प्रभारी महासचिव

कांग्रेस ने भूपेश बघेल को असम का प्रभारी महासचिव नियुक्त किया है। इसके अलावा सुखदेव भगत को छत्तीसगढ़, सिरीवेल्ला प्रसाद को महाराष्ट्र और पीवी मोहन को आंध्र प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। पार्टी अब AICC सचिवों और जमीनी स्तर पर संगठन के लिए काम करने वाले नेताओं को ज्यादा महत्व दे रही है। पार्टी के इन नए बदलावों का मकसद अलग-अलग राज्यों में संगठन को मजबूत करना और स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की गतिविधियों को और प्रभावी बनाना है।

ये भी पढ़ें: वंदे मातरम के अपमान मामले में बढ़ी कांग्रेस विधायक की मुश्किलें, स्पीकर ने विशेषाधिकार समिति को दिए जांच के आदेश