1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. फरीदाबाद में रंगदारी मांगने के आरोप में 3 गिरफ्तार, पिंजौर में शख्स की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद में रंगदारी मांगने के आरोप में 3 गिरफ्तार, पिंजौर में शख्स की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद में रंगदारी मांगने के आरोप में तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। वे इलाके में दबदबा जमाना चाहते थे। वहीं, पिंजौर में एक मॉल के पास अज्ञात हमलावरों ने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी, दूसरा गंभीर घायल है।

Faridabad extortion case, extortion arrest Haryana- India TV Hindi
Image Source : PEXELS REPRESENTATIONAL फरीदाबाद वाले मामले में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है।

फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद में पुलिस ने एक मांस विक्रेता से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा शुक्रवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, राजीव कॉलोनी के अनिल ने 30 मई को शिकायत की थी कि एक अज्ञात शख्स ने व्हाट्सएप कॉल कर उससे एक लाख रुपये मांगे। अनिल ने बताया कि बुधवार रात एम. अक्षय (28), सुमित (30) और मोहम्मद सलमान (28) एक काली स्कॉर्पियो कार में उसकी दुकान पर आए और रोहित व विक्की के नाम पर 10,000 रुपये जबरन ले गए।

इलाके में दबदबा कायम करना चाहते थे आरोपी

अनिल ने बताया कि आरोपियों ने एक लाख रुपये की पूरी रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे आपस में दोस्त हैं और उन्होंने विक्की के कहने पर यह रंगदारी मांगी थी। उनका मकसद इलाके में अपना रौब जमाना और दबदबा कायम करना था। पुलिस ने बताया कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है ताकि इस गैंग के अन्य सदस्यों और उनके इरादों का पता लगाया जा सके।

पिंजौर में शॉपिंग मॉल के पास शख्स की हत्या

हरियाणा के पंचकूला जिले के पिंजौर में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। एक शॉपिंग मॉल के नजदीक अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने 2 लोगों पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। इस हमले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस के मुताबिक, मृतक पिंजौर का ही निवासी था। पिंजौर थाने के SHO जगदीश चंदर ने बताया कि इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हमलावरों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।