A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बास्केटबॉल हादसे के बाद हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, खेल विभाग के दो शीर्ष अधिकारी बदले गए

बास्केटबॉल हादसे के बाद हरियाणा सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, खेल विभाग के दो शीर्ष अधिकारी बदले गए

हरियाणा सरकार ने खेल विभाग के दो शीर्ष अधिकारियों के ट्रांसफर आदेश जारी किए हैं। दो युवा खिलाड़ियों की मौत के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी- India TV Hindi
Image Source : FILE (PTI) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

हरियाणा सरकार ने एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए खेल विभाग के दो शीर्ष अधिकारियों सहित 20 अधिकारियों के स्थानांतरण एवं तैनाती आदेश जारी किए हैं। यह कदम रोहतक और बहादुरगढ़ में बास्केटबॉल कोर्ट में लोहे के खंभे गिरने से दो युवा खिलाड़ियों की मौत के बाद राज्य के खेल बुनियादी ढांचे पर उठे सवालों के बीच उठाया गया है।

खेल विभाग में नई नियुक्तियां

प्रशासनिक फेरबदल में खेल विभाग की कमान नए अधिकारियों को सौंपी गई है-

  • विजय सिंह दहिया (आईएएस, 2001 बैच): मुद्रण एवं स्टेशनरी विभाग के आयुक्त एवं सचिव को खेल विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है। वह 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी नवदीप सिंह विर्क का स्थान लेंगे। दहिया अपने वर्तमान विभाग का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे।
  • पार्थ गुप्ता (उपायुक्त): उन्हें खेल विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उन्होंने संजीव वर्मा की जगह लिया है। इसके अलावा, गुप्ता पर्यटन विभाग के निदेशक और विशेष सचिव का भी कार्यभार संभालेंगे। वह शालीन की जगह लेंगे। 

अन्य प्रमुख ट्रांसफर

  • रवि प्रकाश गुप्ता (राजस्व एवं आपदा प्रबंधन सचिव): इनका भी तबादला किया गया है और उन्हें हिसार संभाग का आयुक्त नियुक्त किया गया है। यह पद पहले रिक्त था।

हादसों ने सरकार को घेरा

दरअसल, हरियाणा में बास्केटबॉल अभ्यास के दौरान एक राष्ट्रीय स्तर के जूनियर बास्केटबॉल खिलाड़ी और एक अन्य किशोर की एक जैसे हादसों में उस वक्त मौत हो गई, जब बास्केटबॉल हूप का लोहे का खंभा उन पर गिर गया। इन दोनों घटनाओं ने राज्य के खेल बुनियादी ढांचे को जांच के दायरे में ला दिया। राष्ट्रीय सब-जूनियर बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुके 16-वर्षीय हार्दिक राठी की मंगलवार को रोहतक में मौत हो गई, जबकि बहादुरगढ़ में घायल हुए अमन (15) ने पिछले सोमवार को पीजीआईएमएस, रोहतक में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

Maharashtra Local Body Polls: महाराष्ट्र के 15 जिलों में नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनाव टले, यहां देखें पूरी लिस्ट

भारी कर्ज से जूझ रहे रेस्तरां के मालिक ने मौत को लगाया गले, अपने आवास पर की खुदकुशी