गुरुग्राम के सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घर की पार्किंग में सो रही एक घरेलू नौकरानी की थार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। हादसे के बाद थार चालक महिला नौकरानी को अस्पताल ले गई थी लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। इस घटना का आज सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि थार को रिवर्स करते समय कार चालक महिला ने पार्किंग में सो रही नौकरानी के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी। इसके बाद गाड़ी से उतरकर वह नौकरानी को देखती है, उसे अस्पताल लेकर जाती है और कुछ देर बाद वापस आकर उसके शव को पार्किंग में छोड़कर चली जाती है।
सोसाइटी के फ्लैट में घरेलू काम करती थी 57 वर्षीय नौकरानी
घटना 14 जुलाई की है। मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू काम करती थीं। मंगलवार शाम को काम खत्म करने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर पर बनी कार पार्किंग में लेटी हुई थी।
CCTV में कैद हैरतअंगेज घटना-
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है ग्राउंड फ्लोर की कार पार्किंग में महिला आराम कर रही थीं। इसी दौरान बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी। गाड़ी चलाते समय पार्किंग में सो रही महिला दिखाई नहीं दी और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे का एहसास होने पर महिला चालक तुरंत गाड़ी से उतरी और आनन-फानन में घायल को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया।
Image Source : reporter inputगुरुग्राम में सोसायटी की पार्किंग में दर्दनाक हादसा।
शव को दोबारा पार्किंग में छोड़ गई मालकिन
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला शव को दोबारा सोसाइटी की पार्किंग में लेकर आई और वहीं छोड़ दिया, जहां हादसा हुआ था। शव को पार्किंग में देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लिया है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है।
वहीं, बता दें कि गुरुग्राम से एक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक कैब ड्राइवर ने न केवल एक सड़क हादसे को अंजाम दिया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस से हाथापाई भी की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
यह भी पढ़ें-
चाय पीने निकले 2 दोस्तों को थार ने घसीटा, एक ने तोड़ा दम; गुस्साए लोगों ने फूंक दी गाड़ी
लड़की को लेकर भिड़ गए दो युवक, फिल्मी स्टाइल में एक-दूसरे की थार में मारी टक्कर; VIDEO वायरल