गुरुग्राम के एक्सप्रेसवे अब स्टंटबाजी का अड्डा बनते जा रहे हैं। आए दिन यहां युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट करते नजर आते हैं। ताजा मामला द्वारका एक्सप्रेसवे का है, जहां देर रात युवकों ने चलती कार में आतिशबाजी करते हुए जमकर हुड़दंग मचाया। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक हुंडई कार द्वारका एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार से दौड़ रही है। कार के शीशे काले हैं। कार चला रहा युवक एक हाथ से स्टेयरिंग संभाल रहा है, जबकि दूसरे हाथ से चलती कार में ही स्काईशॉट चला रहा है। युवक ने इस स्टंट के लिए अपनी ही नहीं बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों की जान तक जोखिम में डाल दी।
द्वारका एक्सप्रेसवे पर युवकों का खतरनाक स्टंट
वहीं, इस पूरी स्टंटबाजी को रिकॉर्ड करने के लिए एक दूसरी कार भी साथ-साथ चल रही थी। दूसरी कार में सवार युवक सनरूफ से बाहर निकलकर वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। दोनों गाड़ियां सड़क पर तेज रफ्तार से दौड़ती रहीं और युवक बेखौफ होकर इस खतरनाक हरकत को अंजाम देते रहे। इस दौरान सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा हो गया। अगर स्काईशॉट किसी दूसरी गाड़ी पर जा गिरता या आतिशबाजी के कारण चालक का संतुलन बिगड़ जाता, तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि इस घटना में किसी हादसे की सूचना सामने नहीं आई है।
आखिर स्टंटबाजों में क्यों नहीं कानून का खौफ?
आपको बता दें कि गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस लगातार स्टंटबाजी रोकने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के दावे करती है। इसके बावजूद एक्सप्रेसवे पर इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इन स्टंटबाजों को पुलिस और कानून का डर क्यों नहीं है? फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने एक बार फिर गुरुग्राम की सड़कों पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस इस वायरल वीडियो पर क्या कार्रवाई करती है।
(गोहित कौशिक की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें:
मौत को मात देकर घर लौटी पंचकूला की मासूम बच्ची, फूलों से हुआ स्वागत, स्कूल में हुई थी बर्बरता