1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में घर में घुसकर PG संचालक के सिर पर मारी गई गोली, वारदात के समय पत्नी और दोस्त थे मौजूद

गुरुग्राम में घर में घुसकर PG संचालक के सिर पर मारी गई गोली, वारदात के समय पत्नी और दोस्त थे मौजूद

पुराने लेन-देन को लेकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। गोली लगने से हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के वक्त पत्नी और दोस्त घर पर ही मौजूद थे।

PG संचालक को मारी गई गोली- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT PG संचालक को मारी गई गोली

हरियाणा के साइबर सिटी गुरुग्राम में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में PG संचालक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम सेक्टर-14 स्थित PG संचालक के घर पर दिया गया, जहां आरोपी अमरजीत पैसों के पुराने लेन-देन को लेकर हेमंत के घर पहुंचा तभी घर पर मौजूद हेमंत कौशिक के सिर में गोली मार दी और मौके से फरार हो गया। 

गंभीर हालत में अस्पताल में कराया गया भर्ती

इसके बाद हेमंत को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। गुरुग्राम पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी को पकड़ने के लिए भी टीम का गठन किया गया है।

पैसे के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद

मामले की अधिक जानकारी देते हुए सेक्टर 14 थाना प्रभारी अमित कुमार ने कहा कि अमरजीत और घायल हेमंत के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। आरोपी इसी विवाद को लेकर हेमंत के घर पहुंचा था। घर पर दोनों के बीच पैसों को लेकर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

फोर्टिस अस्पताल में चल रहा इलाज

विवाद के दौरान अमरजीत ने हथियार निकालकर हेमंत के सिर में गोली चला दी। गोली लगते ही हेमंत गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसे इलाज के लिए फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। इलाज जारी है।

पत्नी और दोस्त थे घर पर मौजूद

पुलिस के अनुसार, वारदात के समय घर में हेमंत के अलावा उसकी पत्नी और उसका दोस्त ललित मौजूद थे। घटना के तुरंत बाद ललित ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। 

पुलिस की टीम दे रही दबिश

फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। बहरहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पैसों के विवाद के अलावा वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है। आरोपियों की पकड़ के लिए पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

गोहित कौशिक की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

शटर तोड़ा, कैश उड़ाया और नोटों के हार भी ले गए चोर, करनाल में 6.50 लाख की चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात