हरियाणा में गुरुग्राम पुलिस ने शहर के पॉश इलाके में एक एनकाउंटर के दौरान 4 अपराधियों को ढेर कर दिया है, जबकि एक अपराधी घायल है। इस एनकाउंटर में तीन पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। ये अपराधी दीपक नांदल गैंग के थे और गुरुग्राम के सुशांत लोक फेज-2 में एक बिजनेसमैन के घर पर फायरिंग कर रहे थे। ये एनकाउंटर गुरुवार रात करीब 9 बजे हुए। पुलिस को जैसे ही सूचना मिली की काले रंग की स्कॉर्पियों गाड़ी से बदमाश सुशांत लोक इलाके में देखे गए हैं, पुलिस ने इनकी घेराबंदी शुरू कर दी। शूटर जिस काले रंग की स्कॉर्पियो कर में सवार होकर आए थे, इंडिया टीवी ने उसके फर्स्ट ओनर से बात की है।
कार के फर्स्ट ओनर के बेचने के बाद दो बार बेची जा चुकी है गाड़ी
स्कॉर्पियो के फर्स्ट ओनर ने बताया कि उसने साल 2022 में यह गाड़ी खरीदी थी लेकिन 3 साल पहले गुरुग्राम के एक कार डीलर को गाड़ी बेच दी थी। इसके बाद, गुरुग्राम के कार डीलर ने स्कॉर्पियो को पवन भारद्वाज नाम के शख्स को रोहतक में बेच दिया था।
कार ने 10-12 दिन पहले रोहतक में किया था एक्सीडेंट
दरअसल, गाड़ी के फर्स्ट ओनर का मोबाइल नंबर अभी भी ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी में रिकॉर्ड में है, इसलिए इस गाड़ी से जुड़े मामलों के लिए उन्हीं के पास फोन जाता है। गाड़ी के फर्स्ट ओनर ने इंडिया टीवी को बताया कि शूटर्स वाली स्कॉर्पियो कार ने तकरीबन 10 से 12 दिन पहले रोहतक में एक एक्सीडेंट भी किया था। एक्सीडेंट के समय कार कौन चला रहा था, इसकी जानकारी फर्स्ट ओनर के पास नहीं है। उससे पहले चंडीगढ़ से इसी कार से जुड़ा शिकायती फोन भी फर्स्ट ओनर के पास आया था।
फर्स्ट ओनर ने गुरुग्राम के कार डीलर को बेची थी कार
दरअसल, कार के फर्स्ट ओनर का कहना है कि उसने गुरुग्राम के एक कार डीलर, जिसका नाम बाबूलाल है, को अपनी कार 3 साल पहले बेच दी थी। कार डीलर ने स्कॉर्पियो को रोहतक के रहने वाले पवन भारद्वाज नाम के शख्स को बेच दिया। पवन भारद्वाज ही गाड़ियों को रेंट पर देने का काम करता है। शूटर्स ने पवन भारद्वाज से ही कर रेंट पर ली थी।
कारोबारी के घर पर फायरिंग कर रहे थे बदमाश
गौरतलब है कि क्राइम ब्रांच की टीमें जब गुरुग्राम के सुशांत लोक एरिया में पहुंची, उस वक्त बदमाश एक कारोबारी के घर पर मॉडर्न हथियारों से फायरिंग कर रहे थे। पुलिस के मुताबिक, इस कारोबारी को विदेश में बैठे इनामी गैंगस्टर से फिरौती के लिए लगातार संदेश आ रहे थे।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में मारे गए 4 बदमाश
क्राइम ब्रांच ने इन अपराधियों को सरेंडर करने के लिए कहा, जिसके जवाब में उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें सभी 5 शूटर्स को गोली लगी। पांचों शूटर्स को लेकर जब पुलिस एक निजी सुपर स्पेशिलिटी अस्पताल में पहुंची तो डाक्टरों ने 4 अपराधियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक का इलाज चल रहा है।
मुठभेड़ में 3 पुलिसकर्मी भी हो गए घायल
इस मुठभेड़ के दौरान गुरुग्राम पुलिस के 3 पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हुए हैं। उनकी कंडीशन पर डॉक्टर लगातार नजर रख रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के DCP क्राइम और DCP ईस्ट मौके पर पहुंच गए। एफएसएल और दूसरी टीमें भी देर रात तक सैंपल लेती रहीं। पुलिस मारे गए अपराधियों की शिनाख्त कर रही है। पुलिस ने मौके से 2 पिस्टल बरामद की हैं।
ये भी पढ़ें- योगी सरकार की पुलिस ने 9 साल में 301 दुर्दांत अपराधियों को मुठभेड़ में किया ढेर, 34 हजार 253 को किया गिरफ्तार