गुरुग्राम की एक हाईराइज सोसाइटी से लापरवाही का बेहद दर्दनाक मामला सामने आया है। सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया सोसाइटी में घर की पार्किंग में सो रही एक घरेलू सहायिका की थार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक महिला घायल महिला को अस्पताल ले गई, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
महोबा की रहने वाली थी मृतका
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 57 वर्षीय गुड्डी के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के महोबा की रहने वाली थीं। वह सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू काम करती थीं। मंगलवार शाम को काम खत्म करने के बाद वह ग्राउंड फ्लोर पर बनी कार पार्किंग में लेटी हुई थी।
कैसे हुआ हादसा?
बताया जा रहा है ग्राउंड फ्लोर की कार पार्किंग में महिला आराम कर रही थीं। इसी दौरान बिल्डिंग में रहने वाली एक महिला अपनी थार एसयूवी को रिवर्स कर रही थी। गाड़ी चलाते समय पार्किंग में सो रही महिला दिखाई नहीं दी और वाहन उसके ऊपर चढ़ गया। हादसे का एहसास होने पर महिला चालक तुरंत गाड़ी से उतरी और आनन-फानन में घायल को प्राइवेट अस्पताल लेकर पहुंची। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद गुड्डी को मृत घोषित कर दिया।
शव को दोबारा पार्किंग में छोड़ गई मालकिन
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल से लौटने के बाद महिला शव को दोबारा सोसाइटी की पार्किंग में लेकर आई और वहीं छोड़ दिया, जहां हादसा हुआ था। शव को पार्किंग में देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
सेक्टर-65 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने थार गाड़ी को कब्जे में लिया है और आरोपी महिला से पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बता दें कि गुरुग्राम से आज एक और हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक कैब ड्राइवर ने न केवल एक सड़क हादसे को अंजाम दिया, बल्कि मौके पर पहुंची पुलिस से हाथापाई भी की। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
यह भी पढ़ें-
चाय पीने निकले 2 दोस्तों को थार ने घसीटा, एक ने तोड़ा दम; गुस्साए लोगों ने फूंक दी गाड़ी
लड़की को लेकर भिड़ गए दो युवक, फिल्मी स्टाइल में एक-दूसरे की थार में मारी टक्कर; VIDEO वायरल