1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा के कई जिलों से निकली 'तबादला एक्सप्रेस', 15 IAS और HCS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर

हरियाणा के कई जिलों से निकली 'तबादला एक्सप्रेस', 15 IAS और HCS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर

हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 15 IAS और HCS अधिकारियों के तबादले व नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। रवि प्रकाश गुप्ता को गुरुग्राम, संजय जून को फरीदाबाद और राजीव रतन को करनाल मंडल का कमिश्नर बनाया गया है।

Haryana IAS Transfers, Haryana HCS Transfers, Haryana Bureaucratic Reshuffle- India TV Hindi
Image Source : GOVERNMENT OF HARYANA हरियाणा सरकार ने कई अधिकारियों का तबादला किया है।

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 15 IAS और HCS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों के आदेश जारी किए हैं। ये सभी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। इस संबंध में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिसूचना जारी की है। जारी आदेश के मुताबिक, वरिष्ठ IAS अधिकारी पंकज यादव, जो वर्तमान में सहकारिता और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रधान सचिव हैं, उन्हें हरियाणा जल संसाधन प्राधिकरण के चेयरपर्सन का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

रवि प्रकाश गुप्ता बने गुरुग्राम मंडल के कमिश्नर

IAS संजय जून को फरीदाबाद मंडल का कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह इसके साथ-साथ मेवात विकास एजेंसी, नूंह के चेयरमैन का दायित्व भी संभालते रहेंगे। वहीं रवि प्रकाश गुप्ता को गुरुग्राम मंडल का कमिश्नर और राजीव रतन को करनाल मंडल का कमिश्नर बनाया गया है। धीरेंद्र खड़गटा को नगर निगम फरीदाबाद का आयुक्त और फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड का CEO नियुक्त किया गया है। वहीं शक्ति सिंह को राज्य लेखा परीक्षा विभाग के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।

सचिन गुप्ता को रोहतक का डीसी बनाया गया

अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियों में सचिन गुप्ता को रोहतक का डीसी बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, रोहतक का प्रशासक तथा अर्बन एस्टेट, रोहतक के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। अपराजिता को कैथल का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं सत्येंद्र दहिया को नगर निगम रोहतक का आयुक्त, जिला नगर आयुक्त, रोहतक तथा हरियाणा कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग का निदेशक बनाया गया है।

समवर्तक सिंह खंगवाल को मिली अहम जिम्मेदारी

सलोनी शर्मा को जिला नगर आयुक्त, करनाल का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। समवर्तक सिंह खंगवाल को सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग में अतिरिक्त सचिव तथा विभाग का निदेशक नियुक्त किया गया है। एचसीएस अधिकारियों में अभिनव सिवाच को बहादुरगढ़ का उपमंडल अधिकारी (नागरिक) या SDO (Civil) बनाया गया है। तरुण कुमार पवारिया को महेंद्रगढ़ का अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी नियुक्त किया गया है।

गौरव चौहान को दिया गया आतिरिक्त कार्यभार

सुशील कुमार-4 को जिला परिषद, यमुनानगर का CEO और DRDA, यमुनानगर का सीईओ बनाया गया है। वहीं गौरव चौहान को पंचकूला के भूमि अधिग्रहण अधिकारी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। सरकार ने एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त और नगर निगम रोहतक के आयुक्त के पदों को आईएएस (वेतन) नियम, 2016 के तहत सीनियर स्केल आईएएस अधिकारियों के पदों के समान दर्जा और जिम्मेदारियां प्रदान करने की घोषणा भी की है। यह आदेश भी तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

ये भी पढ़ें: "मुझे मत समझाओ, 40 साल का अनुभव है", मंत्री कृष्ण पंवार ने महिला SHO को लगाई फटकार, ASI-SI के खिलाफ विभागीय जांच