1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. फरीदाबाद में IT कंपनी के एशिया हेड की हत्या, धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में चली गोली, मौके पर ही मौत

फरीदाबाद में IT कंपनी के एशिया हेड की हत्या, धनतेरस की रात पार्किंग विवाद में चली गोली, मौके पर ही मौत

धनतेरस की रात दिल्ली एनसीआर से सटे फरीदाबाद के सेक्टर-21C में पार्किंग विवाद में चली गोली में टेक महिंद्रा कंपनी के एशिया हेड परमजीत धनखड़ की जान चली गई। सूचना मिलने पर थाना सूरजकुंड पुलिस, क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

haryana news- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV आईटी कंपनी के एशिया हेड की गोली मारकर हत्या।

दिल्ली एनसीआर से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया और विवाद इतना बढ़ गया कि धनतेरस, 6 नवंबर की रात एक शख्स ने तीसरे फ्लोर पर रहने वाले युवक ने ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले परमजीत धनखड़ की गोली मारकर हत्या कर दी। मामला फरीदाबाद के सेक्टर-21C का है, जहां टेक महिंद्रा के एशिया हेड परमजीत धनखड़ पर उन्हीं की बिल्डिंग में तीसरे फ्लोर पर रहने वाले मोनू शर्मा ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से शुक्रवार की रात हमला कर दिया। आरोपी ने परमजीत पर करीब 15 राउंड फायरिंग की, जिसमें से सात गोलियां परमजीत को जाकर लगीं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पड़ोस में रहने वाले युवक ने गोलियों से भूना

बताया जा रहा है कि मृतक परमजीत धनखढ़ अपने भांजे की शादी के चलते सिंगापुर से फरीदाबाद आए थे। वह टेक महिंद्रा कंपनी में एशिया हेड थे। पुलिस के अनुसार मृतक परमजीत फरीदाबाद के सेक्टर 21C के रहने वाले थे और गोली चलाने वाला भी उनकी ही बिल्डिंग में ऊपर वाली मंजिल में रहता था। पुलिस के अनुसार, दोनों परिवारों में कुत्ते को पॉटी कराने और गाड़ी पार्किंग को लेकर तगड़ा विवाद था। शुक्रवार रात जब परमजीत जिम से लौटे तो मोनू से गाड़ी हटाने को कहा, जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोपी ने उन पर गोली चला दी।

गोली लगने से परमजीत की मौके पर ही मौत

गोली लगने से परमजीत की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि परमजीत नीचे की मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी मोनू तीसरी मंजिल पर रहता था। दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार आपसी विवाद और झगड़े की शिकायतें पुलिस थाने में दी जा चुकी थीं। गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरीदाबाद पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

वारदात के बाद परिवार सहित फरार हुआ आरोपी

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मोनू अपने परिवार के साथ फरार हो गया है और पुलिस ने आरोपी मोनू के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुटी है। वहीं परमजीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद परमजीत के बेटे शौर्य ने पुलिस को सूचना दी। मौके से पुलिस को कारतूसों के खोल मिले हैं। परमजीत अपने परिवार के साथ सिंगापुर में रहते थे और 5 नवंबर को ही भारत आए थे। 24 नवंबर को उनके भांजे की शादी थी, जिसमें शामिल होने के लिए वह भारत आए थे।

(फरीदाबाद से विनोद मित्तल की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ेंः मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिरा चौकीदार, पुलिसकर्मी ने CPR देकर बचाई जान; VIDEO आया सामने