1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. शराबी पति ने सोती पत्नी पर चाकुओं से किया हमला, मौके पर मौत, सो रही बेटी पर भी किए वार और हो गया फरार

शराबी पति ने सोती पत्नी पर चाकुओं से किया हमला, मौके पर मौत, सो रही बेटी पर भी किए वार और हो गया फरार

शराबी पति ने धारदार हथियार से पत्नी के सिर पर हमला किया। इससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद बाद उसने अपनी सोती हुई बेटियों पर भी हमला किया और मौके से फरार हो गया।

दुखी परिवाक और घेरे में मृतक पत्नी- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT दुखी परिवाक और घेरे में मृतक पत्नी

हरियाणा के करनाल जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। करनाल की रामदेव कॉलोनी में देर रात एक ऐसा खूनी घटनाक्रम सामने आया, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पति ने पहले अपनी पत्नी सीता पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया। उस वक्त सीता अपनी बेटियों के साथ गहरी नींद में सो रही थी। हमले में सीता की मौके पर ही मौत हो गई। 

घर में मची चीख पुकार

इसके बाद आरोपी ने अपनी बेटी पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घर में चीख-पुकार मच गई। 

बेटी ने मां को लहूलुहान हालत में पाया

मृतका की बेटी ज्योति ने बताया कि पूरी घटना इतनी अचानक हुई कि किसी को संभलने का मौका ही नहीं मिला। सभी रात में सो रहे थे। बहन पर हमला होने के बाद जब उनकी आंख खुली तो देखा कि मां लहूलुहान हालत में पड़ी थीं। उसने बताया कि उनके पिता अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करते थे। परिवार के लोगों ने उन्हें कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन उनकी आदत नहीं बदली। घटना के बाद आरोपी पिता घर से फरार हो गया। 

कोई काम नहीं करता था शराबी पति

मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि मृतका ही मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का पालन-पोषण करती थी, जबकि उसका पति शराब पीने का आदी था। कोई काम नहीं करता था। परिवार में आए दिन विवाद होता रहता था। 

मेरठ से करनाल पहुंचे परिजन

रिश्तेदारों ने यह भी आशंका जताई कि हत्या में किसी और की भी भूमिका हो सकती है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सूचना मिलते ही मेरठ से भी परिजन करनाल पहुंच गए और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

धारदार हथियार से सिर पर किया वार

घटना की सूचना मिलते ही करनाल सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस जांच अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पति ने तेजधार हथियार से पत्नी के सिर पर वार कर उसकी हत्या की। 

आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी पुलिस

परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

अमित भटनागर की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

करनाल में 10वीं के स्टूडेंट की दिनदहाड़े हत्या, हनुमानजी का प्रसाद लेकर लौट रहा था प्रतीक; लड़की से जुड़े विवाद में गई जान?