1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 16 साल बड़े प्रेमी के साथ होटल में रुकी थी शादीशुदा युवती, पुलिस ने तोड़ा बाथरूम का दरवाजा तो सब हो गए हैरान

16 साल बड़े प्रेमी के साथ होटल में रुकी थी शादीशुदा युवती, पुलिस ने तोड़ा बाथरूम का दरवाजा तो सब हो गए हैरान

मृतक युवती करनाल के जलसा होटल में 16 साल बड़े प्रेमी के साथ ठहरी हुई थी। उसने बाथरूम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस इसकी वजह पता करने में जुटी है।

Hotel women body- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT होटल में मिली महिला की लाश

हरियाणा के करनाल में शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया जब मीरा घाटी के पास स्थित जलसा होटल के एक कमरे से आत्महत्या की खबर आई। 24 वर्षीय युवती ने होटल के बाथरूम में गीजर की पाइप से फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के मुताबिक युवती अपने प्रेमी के साथ सुबह करीब साढ़े 11 बजे होटल में ठहरी थी। दोनों ने साथ में कमरा लिया, कुछ समय बाद युवक किसी काम से बाहर चला गया। शाम करीब पांच बजे जब वह लौटा, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर होटल प्रबंधन को सूचना दी गई।

होटल मैनेजर विशाल ने बताया कि मास्टर चाबी से दरवाजा खोला गया तो युवती कमरे में नहीं थी। जब पुलिस की मौजूदगी में बाथरूम खोला गया, तो अंदर का नजारा देख सबके होश उड़ गए। युवती ने गीजर की पाइप से फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली थी। पुलिस ने तत्काल शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विवाहित थे प्रेमी-प्रेमिका

मृतका की पहचान लक्ष्मी (24) के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल की रहने वाली थी। वहीं, प्रेमी गुरप्रीत (40) दिल्ली का निवासी बताया गया है। दोनों ही शादीशुदा थे और एक-दूसरे के संपर्क में लंबे समय से थे। अब पुलिस यह जांच कर रही है कि युवती के इस कदम के पीछे किसी झगड़े या दबाव की स्थिति तो नहीं थी। सिटी थाना पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। होटल स्टाफ और युवक से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को मौके से युवती का मोबाइल और कुछ निजी सामान भी मिला है, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है।

हर एंगल से जांच कर रही पुलिस

आत्महत्या के कारणों की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस फिलहाल पुलिस ने युवती के परिवार को सूचना देकर करनाल बुलाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल डेटा की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। सिटी थाना पुलिस ने कहा है कि हर एंगल से जांच की जा रही है, चाहे वो आत्महत्या, विवाद या ब्लैकमेलिंग से जुड़ा क्यों न हो। बहरहाल करनाल पुलिस अब इस पूरे मामले की परत-दर-परत जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक के बयान और युवती के फोन डेटा से यह पता चल सकेगा कि आखिर उस शाम होटल के कमरे में क्या हुआ था।

(करनाल से अमित भटनागर की रिपोर्ट)

यह भी पढ़ें-

IPS अधिकारी वाई पूरन सिंह की मौत पर बोले CM नायब सिंह सैनी, कहा- 'दोषी कितना भी प्रभावशाली हो, नहीं बख्शा जाएगा'

आईपीएस अधिकारी वाई पूरन कुमार के निधन पर हरियाणा कैडर IPS संघ ने जताया गहरा शोक, जानिए क्या कहा?