1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. घर से निकला 180 किलो गो मांस, गोवध में शामिल आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

घर से निकला 180 किलो गो मांस, गोवध में शामिल आरोपियों पर पुलिस कार्रवाई; मुख्य आरोपी की तलाश जारी

नूंह में पुलिस ने गोवध में शामिल एक आरोपी के घर पर छापा मारकर एक महिला और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया। महिला का पति दीवार फांदकर मौके से भागने में सफल रहा।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

हरियाणा के नूंह जिले के खानपुर घाटी गांव में मंगलवार को पुलिस ने गोवध से जुड़े एक आरोपी के घर पर छापा मारा। वहां से एक महिला और उसके भतीजे को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला का पति मौके से भागने में सफल रहा। पुलिस के अनुसार, आरोपी अताउल्ला ने गो मांस को पॉलिथीन बैग में पैक कर आस-पास के इलाकों में आपूर्ति करने के लिए बाइक का इस्तेमाल किया था।

पुलिस ने घर पर छापा मारा 

पुलिस ने छापेमारी के दौरान आरोपी के घर से 180 किलोग्राम गो मांस, एक कुल्हाड़ी, दो हंसिया, एक बाइक और अन्य सामान बरामद किए। इस सिलसिले में पिनंगवा पुलिस थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि खानपुर घाटी गांव के निवासी अताउल्ला और राजस्थान के डीग जिला के खोह गांव का निवासी असफाक (महिला का भतीजा) गोवध में शामिल हैं। इस पर पुलिस ने गांव के सरपंच के साथ मिलकर अताउल्ला के घर पर छापा मारा।

दीवार फांदकर भाग गया मुख्य आरोपी

पुलिस के आते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला रुकसीना और उसके भतीजे असफाक को पकड़ लिया। हालांकि, मुख्य आरोपी अताउल्ला दीवार फांदकर भागने में सफल रहा। पिनंगवा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद ने बताया, "प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी महिला और उसके भतीजे को शहर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। हम मुख्य आरोपी अताउल्ला की तलाश में छापेमारी कर रहे हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।" (भाषा इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें- 

दिल्ली चुनाव: राजधानी में कुल 4 दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें, नोट कर लें डेट

चलती ट्रेन में यात्री की गोली मारकर हत्या, बिहार के इस जिले का मामला