A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. बकरीद को लेकर किले में तब्दील हुआ नूंह, हाई अलर्ट पर पुलिस, 320 से अधिक मस्जिदों पर सुरक्षाकर्मी तैनात

बकरीद को लेकर किले में तब्दील हुआ नूंह, हाई अलर्ट पर पुलिस, 320 से अधिक मस्जिदों पर सुरक्षाकर्मी तैनात

बकरीद के मौके पर जिले में कोई हिंसात्मक घटना न हो। इसको लेकर पुलिस प्रशासन अभी से अलर्ट हो गया है। जिले की 320 से अधिक मस्जिदों पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

सुरक्षा कर्मी किए गए तैनात- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT सुरक्षा कर्मी किए गए तैनात

आगामी ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर हरियाणा की नूंह पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। जिले में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। नूंह पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अर्पित जैन के निर्देश पर जिलेभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी गई है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने, गौकशी, अफवाह फैलाने या सोशल मीडिया पर भड़काऊ सामग्री पोस्ट अथवा शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त फोर्स भी की गई तैनात

पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले की 320 से अधिक मस्जिदों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स और प्लाटून तैनात की गई हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व कंपनियों को भी अलर्ट पर रखा गया है।

650 पुलिसकर्मियों की लगाई गई विशेष ड्यूटी

ईद के मद्देनजर करीब 650 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है। सीआईए और अन्य यूनिटों की टीमें सिविल ड्रेस में लगातार गश्त और निगरानी करेंगी। इसके साथ ही पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर बनाए हुए है।

संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट किए गए चिह्नित

एसपी डॉक्टर अर्पित जैन ने बताया कि कुछ संदिग्ध सोशल मीडिया अकाउंट चिन्हित किए गए हैं, जिनके खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को भी पत्र भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति यदि भड़काऊ वीडियो या पोस्ट शेयर करता पाया गया तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

30 मई तक रहेगी विशेष ड्यूटी

पुलिस प्रशासन ने 28 मई को विशेष रूप से संवेदनशील मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। वहीं, 30 मई तक विशेष ड्यूटी जारी रहेगी। आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षा व्यवस्था आगे भी बढ़ाई जा सकती है।

अंतरराज्यीय नाकों पर बढ़ाई गई निगरानी

इसके अलावा नूंह पुलिस ने पड़ोसी जिलों मथुरा, अलवर, खैरथल-तिजारा और गुरुग्राम पुलिस के साथ भी समन्वय स्थापित किया है। अंतरराज्यीय नाकों पर निगरानी बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि ईद का पर्व भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी अफवाह या भड़काऊ संदेश से दूर रहें।

अनिल मोहानिया की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

कर्नाटक के CM सिद्धारमैया कल इस्तीफा देंगे, डीके शिवकुमार का रास्ता साफ, 30 मई को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ