1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस, परिवहन विभाग में मचा हड़कंप, 36 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी बरामद

हरियाणा से चोरी हुई रोडवेज बस, परिवहन विभाग में मचा हड़कंप, 36 घंटे के अंदर आरोपी गिरफ्तार, वाहन भी बरामद

सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी चोर डीटीसी में बस चालक रह चुका है। बस चुराने की उसने पूरी तरह प्लानिंग की थी।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : PTI सांकेतिक तस्वीर

हरियाणा से चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भिवानी के लोहारू सब-डिपो की हरियाणा रोडवेज बस नंबर शुक्रवार रात चरखी दादरी बस स्टैंड पर खड़ी थी। शनिवार सुबह जब चालक महेंद्र सिंह बस लेकर लोहारू जाने के लिए पहुंचे तो बस गायब मिली। सूचना मिलते ही बस अड्डे पर हड़कंप मच गया और चालक ने पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि रात करीब 8 बजकर 53 मिनट पर बस चोरी की गई थी। पुलिस ने तुरंत बस स्टैंड और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की।

सीसीटीवी और राजस्थान पुलिस की ली गई मदद

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बस लोहारू की तरफ होते हुए राजस्थान की ओर गई है। इसके बाद तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी और राजस्थान पुलिस के सहयोग से बस की लगातार ट्रैकिंग की गई। पुलिस ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के चिंदोरिया थाना क्षेत्र से बस को बरामद कर लिया और मौके से आरोपी अजय को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी रह चुका है DTC का चालक

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी झज्जर जिले के गांव दुल्हेड़ा का रहने वाला अजय है, जो पहले दिल्ली DTC में चालक रह चुका है। विभाग से बर्खास्त होने के बाद वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया। आरोपी के खिलाफ पहले से चोरी के चार से पांच मामले दर्ज हैं। 

चोरी करने से पहले किया पूरा अध्ययन

पूछताछ में सामने आया कि उसने पहले बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था और शिफ्ट बदलने के समय का पूरा अध्ययन किया और उसी दौरान सरकारी बस चोरी कर ली। पुलिस का कहना है कि आरोपी बस को राजस्थान में काटकर बेचने की फिराक में था, लेकिन समय रहते उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

आरोपी को कोर्ट में किया जाएगा पेश

फिलहाल पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस वारदात में कोई और साथी शामिल था या नहीं और चोरी की गई बस को बेचने का पूरा नेटवर्क क्या था। 36 घंटे के भीतर बस की बरामदगी को पुलिस अपनी बड़ी सफलता मान रही है।

सुनील शर्मा की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

हरियाणा के बहादुरगढ़ में हत्या के 2 आरोपियों का एनकाउंटर, दोनों पर 1-1 लाख रुपए का इनाम था, एक पुलिसकर्मी भी घायल

हरियाणा में SIR ड्यूटी के दौरान BLO रहस्यमय ढंग से लापता, लावारिस मिली कार; अंदर मिले मोबाइल फोन