1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. हरियाणा में SIR ड्यूटी के दौरान BLO रहस्यमय ढंग से लापता, लावारिस मिली कार; अंदर मिले मोबाइल फोन

हरियाणा में SIR ड्यूटी के दौरान BLO रहस्यमय ढंग से लापता, लावारिस मिली कार; अंदर मिले मोबाइल फोन

 Edited By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jul 03, 2026 09:40 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 09:43 pm IST

करनाल में एसआईआर की ड्यूटी में तैनात एक बीएलओ रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। बीएलओ की कार लावारिश हालत में मिली है। कार में दो मोबाइल फोन भी मिले हैं।

शिक्षक प्रदीप की फाइल फोटो- India TV Hindi
शिक्षक प्रदीप की फाइल फोटो Image Source : REPORTER

करनाल में एक सरकारी शिक्षक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है। शिक्षक की कार सेक्टर-9 क्षेत्र में लावारिस हालत में मिली, जिसमें से दो मोबाइल फोन और एक नोट बरामद हुआ है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और शिक्षक की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।

घरौंडा क्षेत्र के निवासी और कोहंड स्थित राजकीय विद्यालय में कार्यरत शिक्षक प्रदीप के अचानक लापता होने से परिवार, शिक्षा विभाग और प्रशासन में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि वह बीएलओ के तौर पर एसआईआर ड्यूटी में लगे हुए थे। इसके चलते वे पिछले कुछ समय से मानसिक दबाव में थे। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। 

लावारिस मिली कार, अंदर मिले मोबाइल फोन

इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि सेक्टर-9 स्थित कॉन्वेंट स्कूल के पास एक कार लंबे समय से संदिग्ध अवस्था में खड़ी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो कार लॉक मिली। तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से दो मोबाइल फोन और एक पत्र बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया।

सहकर्मी को भेजा था संदेश 

जानकारी के अनुसार, लापता शिक्षक ने एक संदेश अपने सहकर्मी शिक्षक को व्हाट्सएप पर भेजा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सहकर्मी ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। बाद में कार की जांच के दौरान भी इसी प्रकार का पत्र बरामद हुआ। पुलिस इस पत्र की जांच कर रही है और उसके आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। 

परिजनों ने लगाए प्रशासनिक दबाव के आरोप 

परिजनों का कहना है कि प्रदीप सुबह स्कूल गए थे, लेकिन बाद में अचानक वहां से चले गए। परिवार का आरोप है कि वे प्रशासनिक दबाव से परेशान थे। परिजनों के अनुसार सुबह से ही उनकी तलाश की जा रही है, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है। परिवार में उनकी पत्नी और बेटी हैं, जो उनकी सुरक्षित वापसी की उम्मीद में लगातार पुलिस के संपर्क में हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सेक्टर-9 पुलिस चौकी प्रभारी संदीप कुमार के अनुसार, शिक्षक की पहचान प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही उनके संभावित ठिकानों पर भी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि शिक्षक के मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

रिपोर्ट- अमित भटनागर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।