भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज ओपनर वीरेंद्र सहवाग युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी देखकर अपनी पुरानी यादों को ताजा कर रहे हैं। सहवाग का मानना है कि वैभव का खेलने का अंदाज बिल्कुल उनके जैसा ही है, जो बिना किसी डर के मैदान पर उतरते ही पहली गेंद से गेंदबाजों पर हमला बोल देते हैं। उनकी यही आक्रामक सोच उन्हें बाकी युवा खिलाड़ियों से अलग बनाती है और उन्हें पूरा भरोसा है कि यह युवा खिलाड़ी अपनी इस काबिलियत के दम पर लंबे समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रख सकता है।
वीरेंद्र सहवाग ने वैभव सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा?
न्यूज एजेंसी PTI के हवाले से वीरेंद्र सहवाग ने 10 अक्टूबर को पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के कार्यक्रम में सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की। सहवाग ने कहा कि सूर्यवंशी इस समय अपने सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में हैं और उनकी सोच कुछ हद तक मेरी जैसी है। वह पहली गेंद से ही बड़े शॉट खेलने का इरादा रखते हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ी की तारीफ करते हुए कहा कि अब यह देखना दिलचस्प होगा कि उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका कब मिलता है और वह अपने करियर में कितने मैच खेलते हैं।
खिलाड़ियों की उम्र के सवाल पर सहवाग ने साफ कहा कि भले ही एज ग्रुप के टूर्नामेंट्स में उम्र के नियम जरूरी हों, लेकिन आईपीएल या भारतीय टीम के स्तर पर उम्र कोई मायने नहीं रखती। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि मैदान पर 38-40 साल के विराट कोहली भी खेल रहे हैं और 15 साल के वैभव सूर्यवंशी भी, इसलिए केवल और केवल खिलाड़ी का प्रदर्शन ही सबसे ज्यादा अहम होता है।
शुभमन गिल के प्रदर्शन पर सहवाग ने दिया बड़ा बयान
इसी दौरान सहवाग ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने हाल ही में वेस्टइंडीज के खिलाफ गिल की 223 रनों की शानदार दोहरी शतकीय पारी खेली। वहीं पिछले साल इंग्लैंड दौरे पर 700 से ज्यादा रन बनाकर सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ा था। इसका जिक्र करते हुए सहवाग ने कहा कि गिल इस समय बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं और ऐसा शानदार प्रदर्शन करना किसी भी खिलाड़ी के लिए आसान काम नहीं है।
सहवाग ने बुमराह को बताया टीम इंडिया का बेस्ट गेंदबाज
आगामी 2027 ODI वर्ल्ड कप को लेकर सहवाग काफी आश्वस्त नजर आए। उनका मानना है कि यदि भारतीय टीम का गेंदबाजी आक्रमण मजबूत रहता है, तो भारत के पास वर्ल्ड कप जीतने का बहुत अच्छा मौका रहेगा । उन्होंने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारत का सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज बताते हुए कहा कि मजबूत गेंदबाजी ही खिताबी जीत की राह को बेहद आसान बना सकती है। अगर बुमराह उस वर्ल्ड कप में खेलते हैं तो टीम इंडिया के वर्ल्ड कप जीतने की संभावना बढ़ जाएगी।
यह भी पढ़ें
29 साल के मिस्ट्री स्पिनर की हुई टीम में एंट्री, ODI ट्राई सीरीज के लिए हुआ स्क्वॉड का ऐलान