1. Hindi News
  2. खेल
  3. क्रिकेट
  4. 9 साल का इंतजार डरबन में हुआ खत्म, 2017 के बाद मैट रेनशॉ के बल्ले से आया शानदार शतक

9 साल का इंतजार डरबन में हुआ खत्म, 2017 के बाद मैट रेनशॉ के बल्ले से आया शानदार शतक

 Written By: Hitesh Jha
 Published : Oct 10, 2026 04:44 pm IST,  Updated : Oct 10, 2026 04:44 pm IST

ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ पहले डरबन टेस्ट में शतक लगाया। उन्होंने कप्तान पैट कमिंस के साथ मिलकर 86 रन की उपयोगी साझेदारी की।

Matt Renshaw- India TV Hindi
मैट रेनशॉ Image Source : AP

साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन में खेले जा रहे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैट रेनशॉ ने बहुत ही शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अपनी शानदार बल्लेबाजी के दम पर टेस्ट करियर का दूसरा शतक लगाया है। खास बात यह है कि उन्होंने अपना पहला टेस्ट शतक जनवरी 2017 में बनाया था, जिसके बाद लगभग 9 साल तक यानी 18 पारियों तक वह शतक नहीं लगा पाए थे, लेकिन इस पारी में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए अपने शतकों का सूखा आखिरकार खत्म कर दिया। इससे पहले बांग्लादेश सीरीज में रेनशॉ को 3 साल बाद टेस्ट में मौका मिला था।

रेनशॉ ने पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था पहला शतक

मैट रेनशॉ के लिए यह शतक बहुत ही खास है, क्योंकि लगभग 9 साल के लंबे इंतजार के बाद टेस्ट क्रिकेट में उनके बल्ले से यह पहला शतक निकला है। इससे पहले उन्होंने जनवरी 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ सिडनी में 184 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। इसके अलावा, यह शतक कई मायनों में ऐतिहासिक है। यह 2014 के बाद साउथ अफ्रीका में किसी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज द्वारा बनाया गया पहला शतक है और साथ ही 2009 के बाद डरबन के किंग्समीड मैदान पर किसी भी ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज का पहला शतक है।

2016 में रेनशॉ ने किया था टेस्ट डेब्यू

मैट रेनशॉ के क्रिकेट करियर की बात करें तो उन्होंने साल 2016 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ ही अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी। उन्होंने अब तक कुल 16 टेस्ट मैच खेले हैं, जहां उन्होंने 26 पारियों में 750 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं। इसके अलावा फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन काफी शानदार रहा है, जहां उन्होंने 8200 से ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 27 शतक और 24 अर्धशतक जड़े हैं, जिसमें उनका सबसे बड़ा स्कोर नाबाद 200 रन रहा है।

रेनशॉ में मुश्किल समय में की अच्छी बल्लेबाजी

इस टेस्ट मैच की बात करें तो जब ऑस्ट्रेलिया की टीम ने केवल 84 रन पर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए थे, तब मैट रेनशॉ बल्लेबाजी करने मैदान पर आए। उन्होंने साउथ अफ्रीका के गेंदबाजों का डटकर मुकाबला किया और सूझबूझ दिखाते हुए 117 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने विरोधी टीम के गेंदबाजों के खिलाफ संयम के साथ बल्लेबाजी की और शानदार खेल जारी रखते हुए दूसरे दिन के पहले सत्र में ही अपने इस अर्धशतक को बेहतरीन शतक में बदल दिया। उनकी इस धैर्यपूर्ण और मजबूत पारी के दम पर ही ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 300 रन के पार पहुंच सका।

यह भी पढ़ें

तिलक वर्मा ने टी20 क्रिकेट में किया गजब का कारनामा, 5000 रन पूरे करते हुए यह कमाल करने वाले बने पहले खिलाड़ी

दूसरे टेस्ट से पहले ऑस्ट्रेलिया के लिए गुड न्यूज, जोश इंगलिस की टेस्ट टीम में होगी वापसी

Latest Cricket News

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Cricket से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें खेल।