हरियाणा के निर्दलीय राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से कैप्टन स्मित मच्छार को अशोक चक्र से सम्मानित करने पर विचार करने का अनुरोध किया। शर्मा ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कैप्टन मच्छार के साहस और सूझबूझ का उल्लेख करते हुए उन्हें इस सर्वोच्च शांतिकालीन वीरता सम्मान के लिए योग्य बताए जाने की मांग की है।
174 यात्रियों की बचाई जान
सांसद शर्मा के मुताबिक, कैप्टन स्मित मच्छार ने दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में असाधारण साहस का परिचय दिया। पत्र में कहा गया कि गंभीर रूप से चाकू से घायल होने के बावजूद मच्छार ने अपने सह-पायलट द्वारा विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश को नाकाम किया और विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाई। शर्मा ने अपने पत्र में कहा कि हरियाणा ने हमेशा राष्ट्रसेवा में अपने बेटे-बेटियों के शौर्य और साहस पर गर्व किया है। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कैप्टन मच्छार के इस साहसिक कार्य को देखकर उन्हें गहरा सम्मान महसूस हुआ।
अशोक चक्र के लिए विचार करने का अनुरोध
कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि अशोक चक्र शांतिकाल में दिया जाने वाला भारत का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। यह युद्धक्षेत्र से बाहर असाधारण बहादुरी, वीरता और आत्म-बलिदान के उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रदान किया जाता है और इसके लिए आम नागरिक भी पात्र हो सकते हैं। शर्मा ने प्रधानमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार के असाधारण साहसिक कार्य को देखते हुए उन्हें अशोक चक्र से सम्मानित किए जाने पर विचार किया जाए।
सांसद ने कहा कि कैप्टन मच्छार का कार्य नि:स्वार्थ भाव, दृढ़ता और मानवता के प्रति समर्पण के आदर्शों को दर्शाता है। उनके मुताबिक, उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान दिया जाना केवल एक राष्ट्रीय नायक के सम्मान के रूप में नहीं देखा जाएगा, बल्कि इससे युवाओं को यह संदेश भी मिलेगा कि साहस वर्दी, सीमा या पेशे की सीमाओं तक सीमित नहीं है।
कॉकपिट में को-पायलट ने किया था हमला
बता दें कि दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में बुधवार को ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कॉकपिट में कैप्टन स्मित मच्छार पर crash axe से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने विमान को बचाने में अहम भूमिका निभाई, जिसे लेकर उन्हें दुनिया भर से वाहवाही मिल रही है। कई देशों के शीर्ष नेताओं ने उनकी इस बहादुरी की तारीफ की है।ये भी पढ़ें-
लोगों में अशांति फैलाने की साजिश... AI से बनाया पुलिस अफसर का आपत्तिजनक वीडियो, आरोपी गिरफ्तार