1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. दरगाह से मन्नत मांगकर लौट रहा था परिवार, ट्रक से टक्कर में दादी और पोते की दर्दनाक मौत

दरगाह से मन्नत मांगकर लौट रहा था परिवार, ट्रक से टक्कर में दादी और पोते की दर्दनाक मौत

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 02, 2026 07:02 pm IST,  Updated : Oct 02, 2026 07:02 pm IST

हरियाणा के भिवानी में नारहर पीर की दरगाह से लौट रहे परिवार की कार की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 58 वर्षीय दादी सुलोचना और उनके 4 वर्षीय पोते आरव की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं।

Bhiwani Road Accident, Haryana Road Accident, Narhar Peer Dargah- India TV Hindi
हरियाणा के भिवानी में दर्दनाक हादसे में एक महिला और उनके पोते की मौत हो गई। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL

Highlights

  • भिवानी में ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर, दादी-पोते की दर्दनाक मौत।
  • नारहर पीर से पूजा कर लौट रहा था परिवार, रास्ते में हुआ भीषण हादसा।
  • तीन घायल अस्पताल में भर्ती, पुलिस हादसे की वजह की जांच में जुटी।

हिसार: हरियाणा के भिवानी में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उनके 4 साल के पोते की मौत हो गई। हादसे में 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, परिवार नारहर पीर की दरगाह पर माथा टेककर कार से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान पोहकरवास गांव के पास सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

गुरुवार को दरगाह पर गया था परिवार

पुलिस के अनुसार, भिवानी के मंधाना गांव का यह परिवार गुरुवार को नारहर पीर की दरगाह पर प्रार्थना करने गया था। शुक्रवार सुबह परिवार के लोग कार से वापस अपने गांव लौट रहे थे। जब उनकी कार जुई इलाके में पोहकरवास गांव के पास NH-709 पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।

ट्रक की टक्कर से कार पूरी तरह हुई बर्बाद

ट्रक की टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के मुताबिक, कार में 58 वर्षीय सुलोचना, 4 वर्षीय आरव, 35 वर्षीय अंजलि, रश्मि और करीब 40 साल के कर्मबीर सवार थे। हादसे में सभी को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव का काम शुरू किया। सभी घायलों को इलाज के लिए भिवानी के सिविल अस्पताल ले जाया गया।

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने 2 को मृत घोषित किया

अस्पताल में डॉक्टरों ने सुलोचना और उनके 4 साल के पोते आरव को मृत घोषित कर दिया। हादसे में अंजलि, कर्मबीर और रश्मि गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे में मारे गए दोनों लोगों के शवों से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार और गांव के लोगों में भी शोक की लहर है।

सड़क पर कुछ देर बाधित रहा ट्रैफिक

हादसे के बाद NH-709 पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक सड़क पर होने की वजह से वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य के साथ सड़क को खाली कराने का काम शुरू किया। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात व्यवस्था को दोबारा सामान्य कर दिया गया।

DSP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

हादसे की जानकारी मिलने के बाद लोहारू के DSP संजीव कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। DSP ने कहा कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बता दें कि कुछ महीने पहले ही KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा हुआ था जिसमें खाटू श्याम से लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। (PTI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: छह माह के बच्चे पर झपटा कुत्ता, जबड़े में दबाकर नोंचता रहा; CCTV में पिटबुल का आतंक देख खौल जाएगा आपका खून

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।