1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. छह माह के बच्चे पर झपटा कुत्ता, जबड़े में दबाकर नोंचता रहा; CCTV में पिटबुल का आतंक देख खौल जाएगा आपका खून

छह माह के बच्चे पर झपटा कुत्ता, जबड़े में दबाकर नोंचता रहा; CCTV में पिटबुल का आतंक देख खौल जाएगा आपका खून

 Written By: Mangal Yadav
 Published : Sep 17, 2026 08:59 pm IST,  Updated : Sep 18, 2026 11:47 am IST

सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में एक पिटबुल के हमले में छह महीने का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना CCTV में कैद हो गई। फुटेज में दो कुत्तों को एक घर से बाहर निकलते हुए और उनमें से एक को अचानक बच्चे पर झपटते हुए देखा जा सकता है।

पिटबुल ने बच्चे पर किया हमला।- India TV Hindi
पिटबुल ने बच्चे पर किया हमला। Image Source : REPORTER INPUT

सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में 6 महीने के मासूम पर पिटबुल ने जानलेवा हमला कर दिया। मासूम बच्चे को कुत्ते ने बुरी तरह नोंच डाला। यह घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। सीसीटीवी में कैद वीडियो में कुत्ता बच्चे पर झपटता नजर आ रहा है। हमले में मासूम और उसकी बुआ घायल हो गए। गंभीर हालत में बच्चे का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है। वहीं, कुत्ते के मालिक की लापरवाही पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बच्चे पर अचानक किया हमला

जानकारी के अनुसार, सिक्का कॉलोनी में यह घटना उस वक्त हुई, जब 6 महीने के मासूम को उसकी बुआ गली से लेकर जा रही थी। तभी अचानक पिटबुल कुत्ता बच्चे की तरफ दौड़ता है और उस पर झपट पड़ता है। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि कुत्ता मासूम को दबोच लेता है। बच्चे की बुआ उसे बचाने के लिए प्रयास करती है। इसी दौरान कुत्ता उस पर भी हमला कर देता है। पिटबुल के हमले में 6 महीने का मासूम बुरी तरह घायल हो गया। परिजन तुरंत बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, इस घटना के बाद इलाके के लोगों में भी दहशत का माहौल है।

यहां देखें वीडियो

कुत्ते के मालिक की सामने आई लापरवाही

 घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अब सबसे बड़ा सवाल कुत्ते के मालिक की जिम्मेदारी को लेकर उठ रहा है। आखिर पिटबुल जैसे खतरनाक नस्ल के कुत्ते को किस तरह रखा जा रहा था और क्या उसके लिए जरूरी नियमों का पालन किया जा रहा था? वहीं, इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। फिलहाल मासूम का रोहतक पीजीआई में इलाज चल रहा है।

पंजाब में भी सामने आया था इस तरह का मामला

सोनीपत में हुई यह घटना पंजाब के पटियाला में पिछले महीने हुई एक ऐसी ही घटना के बाद हुई है, जहां कुम्हार नगर इलाके में पालतू कुत्ते के हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी किराए पर मिलने वाला एक घर देखने के लिए स्थानीय प्रॉपर्टी डीलर के साथ गए थे। जैसे ही उन्होंने डोरबेल बजाई, कुत्ता दौड़ता हुआ बाहर आया और उन पर हमला कर दिया। आस-पास के लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन जानवर को काबू में करने से पहले ही जोड़े को कई जगह काटने के घाव हो गए। 

 

रिपोर्ट- सन्नी मलिक और सुशील मोर, सोनीपत

ये भी पढ़ेंः ‘मुझे न्याय चाहिए, मेरी पूरी बॉडी में टांके हैं, पत्नी ICU में', अंकित सभरवाल ने बयां किया दर्द; पिटबुल अटैक का VIDEO देख कांप उठेंगे​ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।