A
  1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. भिवानी में प्राइवेट बस में लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत; 7 घायल

भिवानी में प्राइवेट बस में लगी आग, दो लोगों की जलकर मौत; 7 घायल

हरियाणा के भिवानी में एक निजी बस में आग लगने से दो लोगों की मौत हो गई। इस घटना में 7 लोग घायल हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

बस में आग लगने से दो की मौत।- India TV Hindi
Image Source : PTI/REPRESENTATIVE IMAGE बस में आग लगने से दो की मौत।

चंडीगढ़: हरियाणा के भिवानी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक निजी बस में अचानक आग लग गई। आग लगने की वजह से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में बस में सवार यात्री इधर-उधर भागने लगे। हालांकि आग में जलकर दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए हैं। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

भिवानी से हांसी जा रही थी बस 

तोशाम (भिवानी) के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दलीप सिंह ने घटना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया, "सोमवार शाम को मिलकपुर गांव में यह घटना तब घटी जब बस भिवानी से हांसी जा रही थी।" पुलिस ने बताया कि इस घटना में मारे गए दोनों व्यक्ति बस से उतर नहीं पाए और आग की लपटों में घिर गए। बाद में उनके जले हुए शव बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। 

आग लगने के कारणों की जांच जारी

डीएसपी ने कहा, "प्रारंभिक जांच के अनुसार, हमें संदेह है कि उनमें से एक सरकारी कर्मचारी है और दूसरा निजी कर्मचारी। उनके परिजनों का दावा है कि दोनों घर नहीं लौटे व लापता हैं। अभी हम मानकर चल रहे हैं कि ये लोग संभवतः वही हैं।" उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

गुरुग्राम में भी लगी आग

इससे पहले गुरुग्राम में भी आग लगने की एक घटना सामने आई थी। यहां गुरुग्राम के बजघेड़ा इलाके में रविवार को एक प्लास्टिक कारखाने और गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग आस-पास के इलाकों में भी फैल गई। अधिकारियों ने बताया कि एहतियात के तौर पर आस-पास के इलाके को खाली करा लिया गया। आग बुझाने के लिए छह दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया और करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। 

यह भी पढ़ें-

प्रेमिका से मिलने गए युवक की बेरहमी से हत्या, सिर में पेचकस से किया हमला