1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. प्रेमिका से मिलने गए युवक की बेरहमी से हत्या, सिर में पेचकस से किया हमला

प्रेमिका से मिलने गए युवक की बेरहमी से हत्या, सिर में पेचकस से किया हमला

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Apr 28, 2026 09:33 pm IST,  Updated : Apr 28, 2026 09:33 pm IST

मऊ में प्रेमिका से मिलने गए एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने युवक के सिर में पेचकस से हमला कर दिया। फिलहाल पुलिस ने दो को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 5 फरार चल रहे हैं।

हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार।- India TV Hindi
हत्या के आरोप में दो लोग गिरफ्तार। Image Source : REPORTER INPUT

मऊ: जिले के हलधरपुर थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए गांव के रिश्ते में चाचा ने ही अपने भतीजे की निर्मम हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

प्रेमिका से मिलने गया था युवक

दरअसल, हलधरपुर थाना क्षेत्र में 26 अप्रैल की रात विपुल यादव हत्या की हत्या कर दी गई थी। पुलिस की जांच में इस जघन्य वारदात के पीछे प्रेम प्रसंग की कहानी सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतक विपुल यादव का अपने ही गांव की एक युवती से प्रेम संबंध था। घटना की रात विपुल युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। तभी युवती के चचेरे भाई पंकज ने दोनों को साथ देख लिया। इसके बाद पंकज ने अपने साथी संजय के साथ मिलकर विपुल को पकड़ लिया और कमरे में बंद कर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी।

लड़की के परिजनों ने किया हमला

पंकज ने अपने चाचा रामानंद यादव को फोन कर मौके पर बुला लिया। रामानंद सीआईएसएफ से सेवानिवृत्त है और वर्तमान में दिल्ली मेट्रो में कार्यरत है। वह पांच दिन की छुट्टी पर गांव आया हुआ था। मौके पर पहुंचते ही उसने पाटीदारों के साथ मिलकर विपुल पर हमला तेज कर दिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर पहले विपुल का सिर दीवार से टकराया और जमीन पर गिराकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान रामानंद ने पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर विपुल को लहूलुहान कर दिया। अधिक खून बहने के कारण अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि अब तक सात लोगों को चिन्हित किया गया है। दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि पांच अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ के दौरान आरोपी रामानंद ने मीडिया के सामने अपना जुर्म कबूल करते हुए स्वीकार किया कि पेचकस से वार उसी ने किया था। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। (इनपुट- राकेश कुमार सिंह)

यह भी पढ़ें-

चिकन करी बनाने को लेकर हुआ विवाद, पत्नी ने हंसिये से हमला कर की पति की हत्या

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।