1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. चार दिन में ₹5,500 करोड़ की डील... योगी सरकार के विजन को मिला वैश्विक मंच, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बना व्यापार का नया केंद्र

चार दिन में ₹5,500 करोड़ की डील... योगी सरकार के विजन को मिला वैश्विक मंच, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो बना व्यापार का नया केंद्र

 Edited By: Khushbu Rawal
 Published : Sep 28, 2026 07:23 pm IST,  Updated : Sep 28, 2026 07:23 pm IST

ग्रेटर नोएडा में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो 4.0 ने चार दिनों (25-28 सितंबर) में शानदार नतीजे दिए हैं। इस दौरान ₹5,500 करोड़ (करीब 574 मिलियन डॉलर) के 3,765 व्यापारिक समझौते हुए। यह आयोजन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लोकल से ग्लोबल’ विजन के तहत हो रहा है।

up international trade show- India TV Hindi
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो Image Source : INDIA TV

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण ने महज चार दिनों में उत्तर प्रदेश के व्यापारिक सामर्थ्य को वैश्विक मंच पर नई पहचान दी है। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित हो रहे पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 28 सितंबर तक ही संचयी रूप से ₹5,500 करोड़ यानी करीब 574 मिलियन अमेरिकी डॉलर के 3,765 व्यापारिक समझौतों (MoUs) पर हस्ताक्षर हो चुके हैं।

₹12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ

इसके साथ ही देश-विदेश के खरीदारों और कंपनियों की ओर से ₹12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ दर्ज की गई है। अंतिम दिन का आयोजन अभी बाकी है, ऐसे में कारोबार और भागीदारी के आंकड़ों में और बढ़ोतरी की संभावना है।

आरबीएसएम में 11,887 बैठकें, मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में 23,500 बी2बी मीटिंग

फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के अपर महानिदेशक सुविध शाह के अनुसार, 28 सितंबर तक कुल 35,387 बिजनेस-टू-बिजनेस बैठकें संपन्न हुई हैं। इनमें अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के लिए आयोजित रिवर्स बायर्स सेलर्स मीट (अरबीएसएम) में 11,887 बैठकें हुईं, जबकि मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच 23,500 बी2बी बैठकें दर्ज की गईं। इन बैठकों के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों, निर्माताओं और निर्यातकों को देश और दुनिया के खरीदारों के साथ सीधे व्यापारिक संवाद और समझौते करने का अवसर मिला है।

4 दिन में 3,765 एमओयू और 5.48 लाख फुटफॉल

चार दिनों के दौरान दर्ज 3,765 एमओयू और ₹12,500 करोड़ की कारोबारी पूछताछ इस बात का संकेत है कि यूपीआईटीएस अब केवल प्रदर्शनी तक सीमित आयोजन नहीं रह गया है। यह उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमियों और विनिर्माण क्षमता को बाजार से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण व्यापारिक मंच बनकर उभरा है। एमएसएमई, एक जिला-एक उत्पाद , हथकरघा, हस्तशिल्प, कृषि उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण और आधुनिक विनिर्माण क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को इस मंच पर घरेलू और विदेशी खरीदारों से सीधे संपर्क का अवसर मिल रहा है।

up international trade show
Image Source : PTIयूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो

कारोबारी गतिविधियों के साथ यूपीआईटीएस 4.0 में बड़ी जनभागीदारी भी देखने को मिली है। 28 सितंबर तक के आधिकारिक संचयी आंकड़ों के अनुसार, ट्रेड शो में कुल 5,48,881 फुटफॉल दर्ज की गई। इसमें 1,56,523 घरेलू कारोबारी खरीदार और 3,92,358 सामान्य आगंतुक शामिल हैं। बड़ी संख्या में खरीदारों, उद्यमियों और आगंतुकों की मौजूदगी ने इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के विभिन्न प्रदर्शनी हॉलों में लगातार कारोबारी गतिविधियों को गति दी है।

CM योगी और शाह ने किया था शानदार आगाज

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 'लोकल से ग्लोबल' विजन के अनुरूप आयोजित यूपीआईटीएस 4.0 का शुभारंभ 25 सितंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से किया था। इस संस्करण में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, स्थानीय उत्पादों और उद्यमिता को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया है। देश-विदेश से आए खरीदारों के साथ सीधे संवाद और व्यापारिक समझौतों ने प्रदेश के एमएसएमई, ओडीओपी, हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि एवं विनिर्माण क्षेत्र के लिए नए बाजारों की संभावनाएं खोली हैं।

अंतिम दिन से पहले ही नए मुकाम पर यूपीआईटीएस

28 सितंबर तक सामने आए आंकड़ों के साथ यूपीआईटीएस 4.0 का अंतिम दिन अब महत्वपूर्ण हो गया है। 29 सितंबर को होने वाले समापन दिवस के साथ व्यापारिक समझौतों, कारोबारी पूछताछ, बी2बी बैठकों और कुल फुटफॉल के आंकड़ों में और वृद्धि की उम्मीद है। चार दिनों में सामने आए आंकड़ों ने एक बार फिर उत्तर प्रदेश के बढ़ते औद्योगिक और व्यापारिक सामर्थ्य को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कारोबार के केंद्र में ला दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।